अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। दिल्ली सरकार 14 जून को राजधानी में यमुना स्वच्छता अभियान आयोजित करने जा रही है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के नेतृत्व में होने वाला यह महाअभियान यमुना नदी की सफाई, संरक्षण और जन-जागरूकता को समर्पित होगा। अभियान के तहत यमुना तट के कई प्रमुख घाटों पर सफाई की जाएंगी, जिनमें हजारों स्वयंसेवक, सामाजिक संगठन, धार्मिक संस्थाएं, विद्यार्थी और आम नागरिक हिस्सा लेंगे।
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि यमुना की सफाई केवल सरकारी प्रयासों से संभव नहीं है, बल्कि इसके लिए जनभागीदारी और सामाजिक सहयोग भी उतना ही आवश्यक है। इसी उद्देश्य से 14 जून को बड़े पैमाने पर यह अभियान आयोजित किया जा रहा है।
अभियान में लगभग 500 सामाजिक, धार्मिक, शैक्षणिक और स्वयंसेवी संगठनों को जोड़ा जा रहा है। यमुना रिवरफ्रंट और विभिन्न घाटों पर एक साथ सफाई अभियान, जागरूकता कार्यक्रम और पर्यावरण संरक्षण से जुड़े संदेश प्रसारित किए जाएंगे।
मुख्यमंत्री ने बताया कि पिछले वर्ष चलाए गए मेरी यमुना, मेरा कर्तव्य अभियान को व्यापक जनसमर्थन मिला था। उस दौरान हजारों स्वयंसेवकों ने भाग लेकर 12 टन से अधिक कचरा एकत्र किया था, जिसका वैज्ञानिक तरीके से निस्तारण किया गया। इससे प्रेरित होकर इस वर्ष अभियान को और बड़े स्तर पर आयोजित किया जा रहा है। अभियान को सफल बनाने के लिए दिल्ली सरकार ने स्थानीय प्रशासन, पुलिस, दिल्ली नगर निगम, स्वास्थ्य विभाग और अन्य एजेंसियों को आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने दिल्लीवासियों, युवाओं और स्वयंसेवी संगठनों से इस भव्य यमुना स्वच्छता अभियान में सक्रिय भागीदारी की अपील करते हुए कहा कि स्वच्छ, निर्मल और अविरल यमुना का सपना तभी साकार होगा, जब समाज और सरकार मिलकर इसे जनआंदोलन का स्वरूप देंगे।