-यजस शर्मा की दिखी तूफानी पारी
संवाद न्यूज एजेंसी
नई दिल्ली।
दिल्ली प्रीमियर लीग 2026 में आउटर दिल्ली वॉरियर्स ने सेंट्रल दिल्ली किंग्स को 25 रन से हराकर रोमांचक जीत दर्ज की। अरुण जेटली स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में वॉरियर्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 216/9 रन बनाए। टीम की मजबूत शुरुआत में यजस शर्मा का अहम योगदान रहा। उन्होंने महज 25 गेंदों में 46 रन की आक्रामक पारी खेली, जिसमें चार चौके और तीन छक्के शामिल रहे। इसके बाद शिवम शर्मा ने 10 गेंदों में 24, हर्ष त्यागी ने 10 गेंदों में 24 और कप्तान सिद्धांत शर्मा ने पांच गेंदों में नाबाद 19 रन बनाकर टीम को 200 के पार पहुंचाया।
लक्ष्य का पीछा करते हुए सेंट्रल दिल्ली किंग्स के कप्तान यश ढुल ने 23 गेंदों में 47 रन बनाकर तेज शुरुआत दी। हालांकि विकेट गिरने के बाद टीम दबाव में आ गई। जसवीर सहरावत ने 33 गेंदों में 62 रन बनाकर मुकाबले में रोमांच भर दिया, लेकिन नवदीप सैनी ने उनकी पारी खत्म कर वॉरियर्स की जीत पक्की कर दी। सेंट्रल दिल्ली किंग्स 191 रन पर ऑलआउट हो गई।