नोएडा, ग्रेटर नोएडा व यमुना विकास प्राधिकरण के निलंबित मुख्य अभियंता यादव सिंह मामले की विभागीय जांच की जानकारी न्यायिक आयोग ने तलब की है। इसके अलावा नोएडा प्राधिकरण से कई और बिंदुओं पर जवाब तलब किया गया है। जांच से जुड़े तमाम दस्तावेज लेकर आयोग की टीम शनिवार को लखनऊ रवाना हो जाएगी।
आयोग के अध्यक्ष रिटायर जस्टिस अमरनाथ वर्मा और सचिव ज्ञानचंद्रा मामले की जांच के लिए बुधवार को नोएडा आए थे। यादव सिंह की नियुक्ति और पदोन्नति में बरती गई अनियमितता के आरोपों की जांच के लिए पुराने रिकॉर्ड खंगालने का सिलसिला शुक्रवार को भी जारी रहा।
आयोग ने यादव सिंह की विभागीय जांच की जानकारी नोएडा प्राधिकरण से मांगी है। यादव सिंह के निलंबन के बाद प्राधिकरण ने दो बिंदुओं पर जांच शुरू की थी। इसके अलावा यादव सिंह की तरफ से हाईकोर्ट में क्या-क्या जानकारियां दी गई हैं, इसे लेकर भी जानकारी एकत्रित करने के लिए कहा गया है।
यादव सिंह के पुराने विवादों की जांच से जुड़े पुराने पहलुओं पर भी जवाब तलब किया गया है। यादव सिंह से जुड़ी शिकायत और साक्ष्य लेकर बृहस्पतिवार को दो संस्थाएं आयोग के सामने प्रस्तुत हुई थीं, जिन्हें एफिडेविट न होने पर दोबारा आने के लिए कहा गया था। शनिवार को दोनों ही संस्थाएं साक्ष्य लेकर पहुंचेंगी।