मलेशिया में होने वाली वर्ल्ड योगा चैंपियनशिप में गाजियाबाद के तीन खिलाड़ी देश का प्रतिनिधित्व करेंगे। 17 से 24 दिसंबर तक आयोजित होने वाली वर्ल्ड योगा प्रतियोगिता में महानगर के इंटरनेशनल योगा खिलाड़ी यश पाराशर, विकास कश्यप और समरजीत तेवतिया का चयन हुआ है।
इंटरनेशनल प्रतियोगिता के लिए उत्तर प्रदेश से चयनित हुए चार में से गाजियाबाद के तीन खिलाड़ियों ने यह मुकाम हासिल किया है।यूपी से चौथी खिलाड़ी सहारनपुर से योगा चैंपियन हुमा नाज हैं। व
र्ल्ड चैंपियनशिप में यश पाराशर 25 से 35 आयु वर्ग, विकास कश्यप 17 से 21 और गुरुकुल स्कूल के विद्यार्थी समरजीत तेवतिया 11 से 14 आयु वर्ग कैटेगरी में प्रतिभाग करेंगे।
मुश्किलों में विकास की जारी विजय यात्रा
इंटरनेशनल योगा खिलाड़ी विकास कश्यप ने पैसे की तंगी और आर्थिक चुनौतियों से जूझकर वर्ल्ड योगा चैंपियनशिप तक का सफर तय किया है।
बैंकॉक में हुई एशियन योगा चैंपियनशिप में सिल्वर और यूपी स्टेट योगा में गोल्ड मेडल जीतने वाले विकास एमएमएच डिग्री कॉलेज में बीएससी फिजिकल एजूकेशन के विद्यार्थी हैं।
मजदूरी के बाद ड्राइवर की नौकरी करने वाले पिता जयभगवान कश्यप और एक डिपार्टमेंटल स्टोर पर दाल की पैकिंग कर मां ललिता देवी अपने चारों बच्चों के सपनों को पूरा करने को संघर्षरत हैं।
तीन भाई-बहन में सबसे बड़े विकास का सपना भारत के लिए मेडल जीतने के साथ माता-पिता को दुनिया के सारे सुख देने का है।