पालम विहार थाना क्षेत्र की एक कंपनी में काम करने वाले श्रमिक का मंगलवार दोपहर संदिग्ध परिस्थितियों में फंदे से लटकता शव मिला। यह देख आक्रोश में उसके साथी शोर मचाने लगे।
श्रमिकों की आवाज सुनकर वहां बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए। इस दौरान उन्होंने कंपनी प्रबंधन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए बवाल करना शुरू कर दिया।
सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने किसी तरह श्रमिकों को शांत कराया और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मृतक के परिजनों को सूचना दे दी है।
मंगलवार की देर शाम तक पुलिस कार्रवाई में जुटी रही। मूल रूप से असम के करीमगंज निवासी राजेश (28) डेढ़ महीना पहले न्यू पालम विहार के सेक्टर-112 में रहकर एलएंडटी कंस्ट्रक्शन कंपनी में बतौर श्रमिक काम कर रहा था।
बताया जाता है कि दोपहर ढाई बजे उसका शव निर्माणाधीन भवन के 19वीं मंजिल पर फंदे से लटकता मिला। श्रमिकों के आक्रोश को देखते हुए कंपनी प्रबंधन ने इसकी जानकारी पुलिस को दी।
सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने श्रमिकों को शांत कराने की कोशिश की लेकिन वे लगातार कंपनी प्रबंधन के खिलाफ नारेबाजी कर रहे थे।
स्थिति बिगड़ने पर वहां कई थानों से पुलिसवाले बुला लिए गए। फिलहाल पुलिस मृतक के साथियों के बयान पर कार्रवाई में जुटी हुई है।