दिलशाद गार्डन-नया बस अड्डा मेट्रो प्रोजेक्ट का काम जल्द ही धरातल पर नजर आएगा। डीएमआरसी को औद्योगिक क्षेत्र में मेट्रो यार्ड के लिए जमीन मिल गई है। 30 दिसंबर से जीटी रोड पर बेरिकेडिंग शुरू होगी, जिसके बाद मेट्रो का काम तेजी से चलेगा।
डीएमआरसी लंबे समय से मेट्रो के कास्टिंग यार्ड के लिए जमीन तलाश रहा था। साइट-4 इंडस्ट्रियल एरिया की करीब 50 हजार वर्गमीटर जमीन पर मेट्रो कास्टिंग यार्ड का निर्माण होगा।
जीडीए चीफ इंजीनियर वीके गोयल ने बताया कि यार्ड के लिए जमीन मिलने के बाद अब तेजी से काम शुरू होगा। डीएमआरसी अधिकारियों से इस संबंध में बात हो गई है।
30 दिसंबर से जीटी रोड पर बेरिकेडिंग शुरू कर दी जाएगी। दिलशाद गार्डन से शहीद नगर मेट्रो स्टेशन पर सड़क के एक तरफ, जबकि इससे आगे सड़क के बीचोबीच दोनों ओर से एक-एक लेन पर बेरिकेडिंग की जाएगी।
यार्ड में तैयार होगा सामान, पहुंचेगा साइट पर
दिल्ली की तर्ज पर पहले से तैयार वायाडक्ट और अन्य सामान मेट्रो कास्टिंग यार्ड में तैयार किया जाएगा। इसके बाद जरूरत के अनुसार इसे जीटी रोड स्थित साइट पर लाया जाएगा। जीटी रोड पर अधिक सामान नहीं फैले इसके लिए मेट्रो ने यार्ड की व्यवस्था की है।
नहीं लगेगा जाम
चीफ इंजीनियर वीके गोयल ने बताया कि डीएमआरसी अधिकारियों से पहले ही बात कर ली गई है कि बेरिकेडिंग इस प्रकार से की जाए, ताकि उसकी वजह से जीटी रोड पर जाम न लगे।
इसके लिए डीएमआरसी ने भी तैयारी कर ली है। डीएमआरसी अवैध कट को बंद कर सुविधा जनक यू टर्न बनाएगा, जिससे जाम की स्थिति न बने।