दिल्ली कोल्ट्स सीसी-डब्ल्यू को 81 रन के बड़े अंतर से हराया
संवाद न्यूज एजेंसी
नई दिल्ली। डीडीसीए की ओर से आयोजित महिला टी-20 लीग के मुकाबले में रानी बाग सीसी-डब्ल्यू ने शानदार प्रदर्शन करते हुए दिल्ली कोल्ट्स सीसी-डब्ल्यू को 81 रन के बड़े अंतर से हराया। पहले बल्लेबाजी करते हुए रानी बाग की टीम ने निर्धारित 20 ओवर में 4 विकेट के नुकसान पर 132 रन बनाए। टीम की ओर से हैप्पी धीमान ने 43 और मिश्ती काजल ने 33 रन की महत्वपूर्ण पारियां खेलीं, जबकि सधिया ने 19 रन का योगदान दिया। इसके अलावा टीम ने अतिरिक्त 37 रन बनाए।
133 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी दिल्ली कोल्ट्स की टीम रानी बाग के गेंदबाजों के सामने टिक नहीं सकी और 14 ओवर में 51 रन पर ऑलआउट हो गई। टीम की ओर से सिमरन जेटली ने सर्वाधिक 18 रन बनाए, लेकिन उन्हें दूसरे बल्लेबाजों का साथ नहीं मिला। रानी बाग की जीत में गेंदबाजों ने अहम भूमिका निभाई। सुरभि जैन ने घातक गेंदबाजी करते हुए 4 ओवर में केवल 11 रन देकर 3 विकेट हासिल किए। सरिता राजपूत ने भी 3 विकेट झटके, जबकि कोमल किराड ने 2 और चंदा और अंशिका ने एक-एक विकेट लिया।
शानदार प्रदर्शन के लिए सुरभि जैन को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। इस जीत के साथ रानी बाग सीसी-डब्ल्यू ने लीग में अपनी दावेदारी मजबूत कर दी। मुकाबले के दौरान कोमल किराड ने अपने करियर के 200 विकेट पूरे करने की उपलब्धि भी हासिल की।