अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। पुराने कपड़े अब घरों में बेकार पड़े रहने के बजाय महिलाओं के लिए रोजगार और कमाई का जरिया बनेंगे। इन कपड़ों से हैंडबैग, टोट बैग, सजावटी सामान और रोजमर्रा में इस्तेमाल होने वाले दूसरे उत्पाद तैयार किए जाएंगे। इसके लिए दिल्ली कौशल एवं उद्यमिता विश्वविद्यालय (डीएसईयू) के पीतमपुरा स्थित कस्तूरबा परिसर में अर्पण केंद्र की शुरुआत की गई है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने शनिवार को इसका उद्घाटन किया। इस पहल के तहत अब तक करीब 2.5 लाख किलोग्राम कपड़े दान किए जा चुके हैं।
केंद्र में दान किए गए कपड़ों से हाथ के थैले, बड़े थैले, सजावटी सामान और रोजमर्रा में इस्तेमाल होने वाले अन्य उत्पाद तैयार किए जाएंगे। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बताया कि दिल्ली में 10 अतिरिक्त अर्पण केंद्र स्थापित करने की योजना है। इसका उद्देश्य महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाना और उनके उत्पादों को बाजार से जोड़ना है। शालीमार बाग में एक महिला कौशल एवं उद्यमिता केंद्र भी स्थापित किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने लोगों से पुराने कपड़े और खिलौने दान करने की अपील की। इस अवसर पर डीएसईयू के कुलपति प्रो. अशोक कुमार नगावत और जिला मजिस्ट्रेट शैलेंद्र सिंह परिहार सहित कई अधिकारी मौजूद रहे।