पांच प्रमुख विभागों में भरे जाएंगे रिक्त पद, मरीजों को बेहतर चिकित्सा सेवाएं मिलने की उम्मीद
विज्ञापन
अमर उजाला ब्यूरो
पूर्वी दिल्ली। पूर्वी दिल्ली के मरीजों के लिए राहत की खबर है। खिचड़ीपुर स्थित लाल बहादुर शास्त्री (एलबीएस) अस्पताल में चिकित्सा सेवाओं को मजबूत करने के लिए सात सीनियर रेजिडेंट डॉक्टरों की नियुक्ति की जाएगी। इससे पांच प्रमुख विभागों में डॉक्टरों की कमी दूर करने में मदद मिलेगी।
भर्ती के तहत प्रसूति एवं स्त्री रोग विभाग में तीन, पीडियाट्रिक्स, मेडिसिन, सर्जरी और एनेस्थीसिया विभाग में एक-एक पद निर्धारित किया गया है। विशेषज्ञ डॉक्टरों की उपलब्धता बढ़ने से गर्भवती महिलाओं, बच्चों और अन्य मरीजों को बेहतर उपचार मिलने की उम्मीद है।
डॉक्टरों की संख्या बढ़ने से ओपीडी और वार्ड में चिकित्सकीय परामर्श की सुविधा बेहतर होगी। साथ ही, आपातकालीन परिस्थितियों में उपचार व्यवस्था को मजबूती मिलेगी और मौजूदा डॉक्टरों पर काम का दबाव भी कम हो सकेगा। इस पहल से अस्पताल में मरीजों की देखभाल और चिकित्सा सेवाओं की गुणवत्ता में सुधार की उम्मीद है।