फरीदाबाद के शटल ट्रेनों में महिलाओं की सुरक्षा का दावा रेल प्रशासन बेशक करे लेकिन हकीकत इससे कोसों दूर है। दिल्ली से पलवल के बीच चलने वाली महिला स्पेशल की सुरक्षा भगवान भरोसे है। ज्ञात हो कि पिछले दिनों शटल गाड़ियों में सफर करने वाली महिलाओं की सुरक्षा के लिए रेलवे ने पुख्ता इंतजाम करने का दावा किया था।
कुछ दिनों से इस गाड़ी में आरपीएफ के जवानों की तैनाती भी रही। आरपीएफ ने एक अलग से वीरांगना टीम का गठन किया। यह टीम महिला बोगी व महिला स्पेशल में सफर करने वाले पुरुष यात्रियों के खिलाफ अभियान चलाती थी लेकिन पिछले एक महीने से महिला स्पेशल ट्रेन में सिर्फ एक सुरक्षाकर्मी चल रहा है।
दैनिक महिला यात्री संघ की सचिव शांति आर्या का कहना है कि कई दिनों से कुछ शरारती तत्व महिला स्पेशल में जबरन चढ़ जाते हैं। मना करने पर वे बदसलूकी करने पर उतारू हो जाते हैं। संघ की प्रधान विजय लक्ष्मी का कहना है कि एक सुरक्षाकर्मी के सहारे आठ बोगियाें वाली महिला स्पेशल ट्रेन की सुरक्षा कैसे हो सकती है।
अन्य शटल गाड़ियों की महिला कोच का और बुरा हाल है। उधर, आरपीएफ के डिप्टी कमांडेंट चंद्रशेखर का कहना है कि चुनाव ड्यूटी में अधिकांश जवानों की तैनाती कर दी गई है, जिसके कारण यह समस्या पैदा हो रही है।