सुत्याना गांव स्थित सरकारी देशी शराब व बीयर के ठेके पर मंगलवार सुबह महिलाओं का गुस्सा फूट पड़ा। लाठी-डंडे लेकर पहुंचीं महिलाओं और पुरुषों को देखकर ठेके के सेल्समैन और अन्य कर्मचारी भागने लगे। लोगों ने कर्मियों से मारपीट कर शराब की बोतलें तोड़नी शुरू कर दीं। इस दौरान कूड़े में आग लगाकर ठेके में आग लगाने की कोशिश भी की गई। ग्रामीणों ने सड़क पर शराब की बोतलों को तोड़कर डाल दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस नेे चार महिलाओं समेत आठ लोगों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने 150 लोगों पर केस दर्ज किया है।
हाईवे के किनारे से शराब के ठेके हटाने के कोर्ट के आदेश के बाद लोगों में शराब ठेकों को लेकर आक्रोश बढ़ रहा है। मंगलवार सुबह बड़ी संख्या में महिलाएं व पुरुष सुत्याना गांव स्थित सरकारी देशी शराब के ठेके पर लाठी-डंडे लेकर पहुंच गए। भीड़ ने सेल्समैन कालूराम व फूल कुमार से मारपीट की।
आरोप है कि इस दौरान भीड़ में शामिल लोग ठेके में रखे 15 हजार रुपये लूटकर ले गए। लोगों ने ठेके से शराब की पेटियां व बोतलें निकालकर सड़क पर तोड़नी शुरू कर दीं। आक्रोशित लोगों ने सूरजपुर-दादरी मार्ग पर जाम लगाकर हंगामा किया। जाम के चलते यहां से गुजरने वाले वाहन चालकों व सवारों को लगभग एक घंटे तक परेशानी उठानी पड़ी। मौके पर पहुंची पुलिस ने जयवीर, सुनील, राकेश और पवन के अलावा रेशम, कौशल, सुनीता व सरला को गिरफ्तार कर लिया।
ईकोटेक-3 थाना प्रभारी अवधेश अवस्थी के मुताबिक आक्रोशित महिलाओं का कहना था कि उनके परिवार के पुरुष शराब के आदी हो गए हैं। कई बार शराब के लिए रुपये मांगने के लिए परिवार की महिलाओं से मारपीट करते हैं। शराब के कारण कई परिवारों के बच्चों का भरण पोषण व पढ़ाई ठीक से नहीं हो पा रही है। बड़ी संख्या में महिलाएं घरेलू हिंसा की शिकार हो रही है। शराब के अधिक सेवन से कई पुरुष बीमारी का शिकार हो गए हैं।
इस मामले में चार महिलाओं समेत आठ लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया है। अन्य आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा। उन्होंने बताया कि ठेके में आग नहीं लगाई गई। कूड़े में आग लगाई थी।