समयपुर बादली इलाके में एक महिला ने चौथी मंजिल से कूदकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। मृतक की शिनाख्त मोनिका (28) के रूप में हुई है। परिजनों का आरोप है कि मोनिका का पति उसके साथ मारपीट करता था। एक बार उसने महिला का सिर फोड़ने के अलावा उसका गर्म तेल से हाथ जला दिया था।
सोमवार देर रात को मारपीट के बाद मोनिका ने चौथी मंजिल से छलांग लगा दी। मोनिका के पिता की शिकायत पर पुलिस ने उसके पति संदीप उर्फ सोनू के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने और जान से मारने की धमकी देने का मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। पुलिस मोनिका के पति से पूछताछ कर रही है।
पुलिस को मोनिका के पिता सूरजभान ने बताया कि वह परिवार के साथ हनुमान बस्ती, समालखां, पानीपत, हरियाणा में रहता है। 2009 में उसने अपनी बेटी मोनिका की शादी समयपुर बादली निवासी संदीप उर्फ सोनू से की थी। शादी के बाद परिवार को पता चला कि संदीप की यह दूसरी शादी थी। उसने पहली पत्नी को तलाक दे दिया था। संदीप शराब के अलावा अन्य नशे करता था। मोनिका के चार बच्चे हैं।
शादी के कुछ दिनों बाद संदीप ने उसकी बेटी को पीटना शुरू कर दिया था। छह माह पूर्व आरोपी ने मोनिका का सिर दीवार में देकर मारा, जिससे उसका सिर फट गया था। उसके सिर में सात टांके आए थे। इसके बाद करीब 15 दिन पूर्व आरोपी ने गर्म तेल से मोनिका का हाथ जलाकर उसे घर से बाहर निकाल दिया था।।
अगले दिन मोनिका अपने मायके पानीपत आ गई। इस बीच संदीप ने जान से मारने की धमकी देकर मोनिका से बच्चों को भी ले जाने के लिए कहा तो मोनिका खुद ही अपने ससुराल आ गई। सोमवार देर रात को मोनिका ने अपनी मां को फोन किया। फोन पर उसे पीटने की आवाज आने लगी। इसी दौरान मोनिका ने चौथी मंजिल से कूदकर जान दे दी।
परिवार को मंगलवार पता चला तो मामले की सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस ने पिता के बयान पर मंगलवार को संदीप के खिलाफ मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।