पूर्वी दिल्ली में गैरकानूनी रूप से शराब का कारोबार करने के आरोप में पिछले कुछ महिनों से फरार चल रही एक महिला की गिरफ्तारी के बाद दिल्ली पुलिस ने सोमवार को पूरे गोरखधंधे का पर्दाफाश किया। पुलिस ने आरोपी महिला को दिल्ली के ज्वाला नगर से गिरफ्तार किया।
महिला ने बताया कि वह इलाके के ही एक निर्माणाधीन बिल्डिंग के बेसमेंट से पूरा कारोबार चलाती है। बिल्डिंग के बेसमेंट में बालू के बोरों में शराब की बोतलें छुपा कर रखी जाती थीं। इस काम में उसका बेटा भी उसकी मदद करता है। शाहदरा के एडीसीपी वेद प्रकाश सूर्या ने कहा कि विवेक विहार के ज्वाला नगर में नकली शराब की बिक्री की खबर मिलने के बाद पुलिस ने छापा मारा।
पुलिस को देख वहां अफरा-तफरी का माहौल बन गया और सड़क पर दुकान लगा कर सामान बेचने वाले दुकानदार अपना-अपना सामान उठा कर भागने लगे। इस दौरान पुलिस ने 55 वर्षीय आरोपी महिला को दबोच लिया, जबकि उसका बेटा बच कर भाग निकला। छापे के दौरान पुलिस ने देखा कि बिल्डिंग का बेसमेंट बालू के बोरों से भरा हुआ था।
छानबीन में पुलिस ने लोकल फैक्ट्रियों में बनाई गई लगभग साढ़े तीन हजार शराब की बोतलें बरामद की। पुलिस के मुताबिक आरोपी महिला को पहले भी ऐसे मामलों में गिरफ्तार किया जा चुका है। वो पिछले कई सालों से शराब का यह धंधा कर रही है। गिरफ्तार महिला को 15 अगस्त तक हिरासत में रखा जाएगा और उसके बाद कोर्ट के सामने पेश किया जाएगा।