पति की नशे की लत से परेशान थी महिला
पुलिस के मुताबिक जरीना परिवार के साथ ओ-ब्लॉक, सुंदर नगरी, नंद नगरी में रहती थी। इसके परिवार में पति इकराम के अलावा दो बेटे और दो बेटियां हैं। पिछले कई सालों से इकराम को नशे की लत थी। वह शराब पीकर पत्नी व बच्चों को पीटता था। इस बात से पूरा परिवार परेशान था। परिवार चाहता था कि इकराम शराब पीना छोड़ दे, इसीलिए परिवार ने इकराम को नशा मुक्ति केंद्र भेजने का फैसला किया।
नशा मुक्ति केंद्र की गाड़ी पहुंचने पर शुरू हुआ विवाद
इकराम को नशा मुक्ति केंद्र ले जाने के लिए शुक्रवार देर रात को पहुंची तो वह शोर मचाने लगा। शोर सुनकर इकराम का बड़ा भाई हारून व उसका परिवार नीचे आ गया। आते ही वह जरीना व उसके बच्चों से गाली-गलौज करने लगा। गाड़ी इकराम को ले गई तो उसने जरीना व उसके बच्चों से मारपीट शुरू कर दी। आरोप है कि इस बीच हारून चाकू ले आया और उसने जरीना पर हमला कर दिया। मां को बचाने आए इमरान पर आरोपियों ने हमला कर दिया। उसके सीने पर चाकू से तीन वार किए गए। इमरान के नीचे गिरने पर आरोपियों ने जरीना पर ताबड़तोड हमला कर उसे मौत के घाट उतार दिया। बाद में आरोपी फरार हो गए।
महिला के चाचा से भी आरोपियों ने की मारपीट
सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया जहां जरीना को मृत घोषित कर दिया गया। इमरान का इलाज जारी है। आरोपियों ने गांव से आए जरीना के बुजुर्ग चाचा बंदु खां के साथ भी मारपीट की है। पुलिस वहां मौजूद लोगों से पूछताछ कर मामले की छानबीन कर रही है। फिलहाल हत्या और हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर सीसीटीवी फुटेज से मामले की छानबीन कर रही है।