अस्पताल परिसर में रविवार को दुधमुंही बच्ची को छोड़कर भाग रही एक मां को सफाई कर्मी ने पकड़ा। महिला घंटों अस्पताल में हंगामा करती रही और इमरजेंसी के डॉक्टर मूकदर्शक बने देखते रहे। किसी ने पुलिस को सूचना देने की जहमत नहीं उठाई।
सफाईकर्मी मोनू ने बताया कि दोपहर करीब 12 बजे अस्पताल परिसर में बने प्राधिकरण ऑफिस के पास एक महिला दुधमुंही बच्ची को छोड़कर भाग रही थी। महिला को आवाज दी गई, लेकिन वह नहीं रुकी। ऐसे में गार्डों की मदद से महिला को पकड़ लिया। महिला को पकड़ने के बाद उसने अस्पताल में हंगामा शुरू कर दिया।
मेडिकल स्टाफ के मुताबिक महिला का नाम ममता है। उसकी अस्पताल में ही डिलीवरी हुई है। बताया जाता है कि यह उसका तीसरा बच्चा है और आर्थिक तौर पर कमजोर होने के कारण वह गुस्से में बच्ची को छोड़कर चली गई थी। महिला का कहना था कि वह कुछ देर के लिए बच्ची को वहां छोड़कर अपने पति को बुलाने के लिए गई थी।
महिला और उसकी बच्ची को अस्पताल की एंबुलेंस घर छोड़कर आई। अस्पताल में महिला ने सेक्टर-62 का पता लिखवाया है जबकि एबुलेंस के ड्राइवर मोहम्मद साबिर का कहना है कि वह उसे सेक्टर-15 नया बांस छोड़कर आया है।
अस्पताल के स्टाफ से मुझे मामले की जानकारी मिली। मेरी तबियत ठीक नहीं थी और घटना मेरे सामने की नहीं थी। ऐसे में पुलिस को सूचना नहीं दे सकी।
डॉ.आलोकिता शर्मा, स्त्री रोग विशेषज्ञ, जिला अस्पताल