फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

पुरुष के वेश में करती थी झपटमारी, सीसीटीवी से खुला ये राज

Sun, 24 Mar 2019 05:16 AM IST
vivek shukla न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली
विज्ञापन
Delhi crime
विज्ञापन

जनकपुरी इलाके में कुछ दिन पहले एक महिला को सड़क पर घसीटकर दो बदमाशों ने बैग झपटा था। वारदात एक महिला नांगलोई निवासी रमनजीत कौर (33) ने ही अंजाम दी थी। पश्चिम जिला पुलिस के स्पेशल स्टाफ ने महिला और उसके सहयोगी निहाल विहार निवासी रमणीक सिंह (24) को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस को चकमा देने के लिए रमनजीत कौर पुरुषों के कपड़े पहनकर वारदात करती थी। वह निहाल विहार थाने की घोषित बदमाश है और पुलिस ने उसे दो साल के लिए तड़ीपार किया था। इनके कब्जे से पुलिस ने एक बाइक, स्कूटी, पीड़िता का बैग, एटीएम कार्ड व एक हजार रुपये बरामद किए हैं।

विज्ञापन


पश्चिम जिला पुलिस उपायुक्त मोनिका भारद्वाज ने बताया कि 8 मार्च को रोशनपुरा निवासी शोभा (53) महिला दिवस पर हुए एक कार्यक्रम में आई थीं। बाइक सवार बदमाशों ने उनका बैग झपट लिया। बैग नहीं छोडने पर बदमाश उन्हें सड़क पर तब तक घसीटते रहे, जब तक उन्होंने बैग छोड़ नहीं दिया। 

पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। स्पेशल स्टाफ की टीम ने सीसीटीवी फुटेज देखी तो पता चला कि बाइक की पिछली सीट पर कोई महिला थी। पुलिस ने झपटमारी करने वाली युवतियों की जानकारी हासिल की तो मुखबिर ने झपटमार महिला की पहचान रमनजीत कौर के रूप में की। 20 मार्च को पुलिस ने एक सूचना के बाद ऑक्सफोर्ड स्कूल के पास घेराबंदी कर स्कूटी से पहुंची रमनजीत कौर और उसके सहयोगी रमणीक सिंह को गिरफ्तार कर लिया। स्कूटी नांगलोई इलाके से चुराई गई थी।
विज्ञापन


जमानत पर जेल से निकली थी
पूछताछ में रमनजीत कौर ने बताया कि उसकी शादी तेजेंदर सिंह से हुई है। बाद में वह जगजीत सिंह जग्गा के संपर्क में आई और झपटमारी व लूटपाट करने लगी। पुलिस को झांसा देने के लिए वह पुरुषों के कपड़े पहन लेती थी। वर्ष 2014 में पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया। रमनजीत कौर जमानत पर बाहर आ गई, जबकि जगजीत सिंह जेल में रहा। इसी बीच पुलिस ने तेजेंदर सिंह को भी हत्या के मामले में गिरफ्तार कर लिया। 

इसके बाद वह रमणीक के साथ वारदात करने लगी। पुलिस ने 2018 में उसे गिरफ्तार कर लिया। जेल से जमानत पर निकलने के बाद वह वारदात करने लगी। पुलिस ने 2016 में उसे तड़ीपार किया था। रमणीक पर सात और रमनजीत कौर पर पहले से 13 आपराधिक मामले दर्ज हैं। रमणीक चंदर विहार के एक प्रॉपर्टी डीलर व फाइनेंसर के यहां कलेक्शन एजेंट है। प्रॉपर्टी डीलर के पास बाइक गिरवी थी। रमणीक वारदात में इसका इस्तेमाल करता था। जनकपुरी की वारदात में इसी बाइक का इस्तेमाल हुआ था।

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें