पुलिस के मुताबिक, मूलरूप से कासगंज यूपी का रहने वाला अजीज अपने परिवार के साथ अंबेडकर मोहल्ला, जौहरीपुर करावल नगर में रहता है। इसके परिवार में सात साल की बेटी और पांच साल बेटे के अलावा पत्नी निशा थी। दोनों की नौ साल पहले ही शादी हुई थी। अजीज भजनपुरा इलाके में शीशे की दुकान पर काम करता था।
पुलिस उपायुक्त डॉ. जॉय टिर्की ने बताया कि गुरुवार दोपहर करीब 1.10 बजे उनको महिला की गला रेतकर हत्या की सूचना मिली। पड़ोसियों ने निशा को अपने घर में मृत पड़ा देखकर पुलिस को खबर दी थी। सूचना मिलते ही पुलिस के अलावा क्राइम टीम के अलावा एफएसएल की टीम को मौके पर बुला लिया गया।
निशा के परिवार को खबर देकर वहां बुला लिया गया। जांच के दौरान पता चला कि निशा का पति अजीज बच्चों के साथ घर से गायब है। परिजनों ने बताया कि शादी के बाद से ही पति-पत्नी के बीच छोटी-छोटी बातों पर झगड़ा होता था। बुधवार देर रात को भी पड़ोसियों ने झगड़े की आवाज सुनी थी। देर रात करीब 11.00 बजे निशा ने आखिरी बार अपनी सहेली को कॉल कर उससे बातचीत की थी।
माना जा रहा है कि देर रात हुए झगड़े के बाद अजीज ने निशा की गला रेतकर हत्या कर दी। बाद में वह बच्चों को लेकर यहां से फरार हो गया। पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को अपने कब्जे में लिया है। उसके आधार पर पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।