उत्तर-पूर्वी दिल्ली के खजूरी खास इलाके में फैक्टरी से निकालने की धमकी देकर मालिक ने 23 वर्षीय महिला से दुष्कर्म किया और अश्लील वीडियो बनाकर उसे ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया। आरोपी ने डरा-धमकाकर महिला से उसके पति के खिलाफ भी तीन तलाक का मुकदमा दर्ज करवा दिया।
परेशान हो चुकी महिला ने अपने पति को सारी बात बता दी। इसके बाद दंपति ने पुलिस से शिकायत की।
पुलिस के मुताबिक, सलमा (बदला हुआ नाम) परिवार के साथ खजूरी खास इलाके में रहती है। दंपति के दो बच्चे भी हैं। सलमा का पति एक सड़क हादसे में घायल होने के बाद बिस्तर पर था। घर में कोई कमाने वाला नहीं था, इसलिए सलमा ने खजूरी गांव में बैग बनाने की एक फैक्टरी में नौकरी शुरू कर दी।
आरोप है कि कुछ दिन काम करने के बाद फैक्टरी मालिक ने उसे नौकरी से निकालने की धमकी देकर मई 2018 में दुष्कर्म किया। आरोपी ने पीड़िता का वीडियो बना लिया और अश्लील तश्वीरें ले लीं। इसके बाद वह उसे ब्लैकमेल करने लगा। परेशान होकर पीड़िता बच्चों को लेकर अपने मायके यूपी चली गई।
आरोपी ने दबाव बनाकर पीड़िता को वापस दिल्ली बुला लिया और इसके बाद उसने सलमा से कहा कि वह पति के खिलाफ तीन तलाक का मुकदमा दर्ज करवाए। डर की वजह से सलमा ने ऐसा ही किया। तंग हो चुकी पीड़िता ने पति को सारी बात बता दी। इसके बाद पति के समझाने पर उसने मंगलवार को खजूरी थाने में आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज करा दिया। पुलिस आरोपी की तलाश कर रही है।