बादलपुर थाने में एक बुजुर्ग महिला दरोगा के सामने हाथ जोड़कर गिड़गिड़ाते हुए परिवार की सुरक्षा की गुहार लगाती रही लेकिन किसी ने नहीं सुनी। थक हारकर महिला बच्चों के साथ धूप में ही धरने पर बैठ गई। बाद में पुलिस ने महिला को आश्वासन देकर धरने से उठाया।
थाना क्षेत्र के गांव कचैड़ा में राजेश कुमार परचून की दुकान करता है। शुक्रवार को राजेश दुकान पर बैठा था। उसी दौरान गांव के चार युवक दुकान पर आए। उधार सामान मांगने लगे। उसने मना किया तो चारों ने धारदार हथियार और सरिये से राजेश की पिटाई की। हमलावर उसे अधमरा छोड़कर फरार हो गए। राजेश की हालत गंभीर होने पर दिल्ली के अस्पताल में उपचार के लिए भर्ती कराया। घटना की तहरीर बादलपुर कोतवाली में पुलिस को दी थी लेकिन कार्रवाई नहीं की गई।
बुजुर्ग महिला फूलवती ने बताया कि आरोपी परिजनों को धमकी दे रहे हैं। परिवार की महिलाओं और बच्चों को खतरा है। महिला ने आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर उनकी गिरफ्तारी की मांग की। पुलिस क्षेत्राधिकारी अनुराग सिंह की कहना है कि मामले की जांच कराकर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।