नोएडा के सेक्टर-54 के अरण्य दृष्टि पार्क में बृहस्पतिवार सुबह पार्क के सुनसान इलाके में करीब 30 वर्षीय महिला की लाश मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। प्राथमिक जांच में मौत की वजह सिर पर किसी भारी वस्तु से चोट लगना बताया जा रहा है। वहीं, पास ही काफी खून भी पड़ा था। जिससे अनुमान है कि सुबह में ही किसी ने हत्या की है।
पहचान छिपाने के लिए चेहरा कुचल दिया गया। करीब 30 वर्षीय महिला की अभी तक शिनाख्त नहीं हो सकी है। मौके पर एसएसपी डॉ. प्रीतिंदर सिंह सहित पुलिस फोर्स पहुंची और मौका मुआयना किया। पुलिस इस एंगल से भी जांच कर रही है कि दुष्कर्म के बाद हत्या तो नहीं हुई।
जानकारी के अनुसार, सेक्टर-54 में अरण्य दृष्टि पार्क से सटे गैस एजेंसी के गोदाम हैं। बृहस्पतिवार सुबह एजेंसी के एक हॉकर ने महिला की लाश देखकर पुलिस को सूचित किया। सूचना मिलते ही सुबह करीब दस बजे एसएसपी, एसपी सिटी, सीओ टू और एसओ समेत अन्य पुलिस अधिकारियों ने पहुंचकर मौका मुआयना किया।
प्राथमिक जांच में महिला शादीशुदा लग रही थी। वहीं, अनुमान है कि महिला गर्भवती भी थी। हालांकि, पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद ही इनकी तस्दीक हो सकेगी। वहीं, लाश और उसके आसपास खून के ताजा निशान मिले हैं। जिससे सुबह में हत्या करने की आशंका है।
महिला ने हरे रंग का पुलोवर और गुलाबी रंग का सलवार-कुर्ता पहन रखा था। वहीं, काले रंग का स्टॉल (शॉल) भी था। पास में ही महिला की चप्पल भी पड़ी हुई थी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम हाउस भेज दिया है। अगले 48 घंटों में शिनाख्त होने के बाद शव का पोस्टमार्टम कराया जा सकेगा।