अपराध शाखा के विशेष पुलिस आयुक्त रविंद्र यादव के अनुसार ईस्ट शालीमार बाग में महिला की हत्या की सूचना 13 दिसंबर को मिली थी। जांच में अपराध शाखा की टीम को भी लगाया गया। एसीपी अरविंद कुमार की देखरेख में इंस्पेक्टर अरुण सिंधू, इंस्पेक्टर केके शर्मा, एसआई राहुल गर्ग व एएसआई शशीकांत की टीम ने जांच शुरू की। एसआई राहुल शर्मा की टीम को पता लगा कि आरोपी अमृतसर, पंजाब के एक होटल में है। इंस्पेक्टर अरुण सिंधू व एसआई राहुल गर्ग की टीम ने अमृतसर के एक होटल में दबिश देकर गली टिंड शाह निवासी मधुर कुंद्रा और गांव लोहार जिला तरणतारण निवासी उसकी प्रेमिका अमरजोत कौर सिंधू को गिरफ्तार कर लिया।
अस्पताल में हुआ दोनों में प्यार
आरोपी मेडिकल प्रोडक्ट का डिस्ट्रीब्यूटर है। इस सिलसिले में उसका अस्पतालों में आना-जाना लगा रहता था। अमरजोत अमृतसर स्थित उप्पल अस्पताल में स्टाफ नर्स का काम करती थी। उसकी जनवरी, 2021 में शादी हुई थी। कुछ दिन बाद उसका पति दुबई चला गया। इस दौरान अमरजोत मधुर के संपर्क में आई और दोनों में प्यार हो गया। अमरजोत अमृतसर में पीजी में रह रही थी।
पैसे के लिए की थी मामी की हत्या
प्यार होने के बाद मधुर व अमरजोत ने शादी कर विदेश में बसने का प्लान बनाया। इनको पैसे की जरूरत थी। रजनी का बेटा चेतन 27 नवंबर को अमृतसर गया और वहां बात ही बातों में उसने मधुर को बता दिया कि उसकी मां रजनी के पास काफी पैसा है। ऐसे में मधुर ने रजनी के घर में लूटपाट की साजिश रची। साजिश के तहत उसने चेतन के बैग से घर की चाबी चुरा ली थी।
पहले भी दो बार हत्या व लूटपाट की कोशिश की थी
आरोपियों ने 13 दिसंबर से पहले भी दो बार रजनी की हत्या व लूटपाट की कोशिश की थी, मगर सफल नहीं हो पाए थे। ये दिसंबर के पहले सप्ताह में रजनी के घर गए थे। इसके बाद फिर नौ दिसंबर को गए। 13 दिसंबर को आरोपी ने तकिया से गला दबाकर रजनी की हत्या कर दी और घर से जूलरी व नकदी लूटकर फरार हो गया।