पति को रास्ते से हटाने के लिए उसने रविवार को दिन में शाहिद के पेट में चाकू के तीन वार कर उसकी हत्या कर दी। बाद में उसने परिवार को बताया कि कर्जे से परेशान शाहिद ने खुद ही अपने पेट में चाकू मार लिए। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल चाकू भी बरामद कर लिया। क्राइम टीम के अलावा एफएसएल ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं।
बाहरी जिला पुलिस उपायुक्त सचिन शर्मा ने बताया कि रविवार शाम करीब 4.15 बजे संजय गांधी अस्पताल से निहाल विहार थाना पुलिस को एक युवक की मौत की सूचना मिली थी। पुलिस मौके पर पहुंची तो पता चला कि मृतक का भाई जफर हुसैन उसे अस्पताल लेकर पहुंचा था। जांच में युवक के पेट में चाकू के तीन घाव मिले।
पोस्टमार्टम में हत्या की बात आई सामने
पुलिस को मामला संदिग्ध लगा। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। छानबीन के दौरान शाहिद की पत्नी ने बताया कि उसके पति को ऑनलाइन सट्टे की लत है, इसकी वजह से उस पर कर्जा था। पति ने परेशान होकर खुद ही पेट में चाकू मारकर जान दी है। अगले दिन शव का पोस्टमार्टम हुआ तो डॉक्टरों ने उसे हत्या करार दिया।
डॉक्टरों का कहना था कि जिस तरह से शाहिद को चाकू लगे हैं, उस तरह कोई खुद को चाकू नहीं मार सकता है। पुलिस ने शुरुआती पीएम रिपोर्ट के आधार पर हत्या का मामला दर्ज कर छानबीन शुरू की। रविवार को ही क्राइम टीम जांच के लिए शाहिद के घर पहुंची थी तो पत्नी ने घर की धुलाई कर दी थी। पुलिस को फरजाना पर शक हुआ।
मोबाइल की फोन हिस्ट्री से खुला हत्याकांड का राज...
पुलिस ने शक के आधार पर शाहिद की पत्नी फरजाना से पूछताछ की तो वह इधर-उधर की कहानी सुनाने लगी। पुलिस ने उसका मोबाइल फोन कब्जे में लेकर उसकी पड़ताल की। मोबाइल की हिस्ट्री से पता चला कि फरजाना ने यूट्यूब पर हत्या करने के तरीके का वीडियो देखा था। इसके अलावा गूगल पर भी इसको सर्च किया था। बाद में सर्च हिस्ट्री को भी डिलीट करने का वीडियो देखने के सुराग उसके मोबाइल से मिले।
पूछताछ में पत्नी बोली- पति ने दे पाता था शारीरिक सुख
पुलिस ने उससे सख्ती से पूछताछ की तो उसने हत्या की बात स्वीकार कर ली। महिला ने बताया कि शादी के बाद से वह पति से खुश नहीं थी। पति उसे शारीरिक सुख नहीं दे पाता था। इस वजह से उसने उसकी हत्या की साजिश रची।
पहले नशे की गोलियां दीं फिर पेट में चाकू से किए वार
महिला ने रविवार को पति को खाने में नशे की गोलियां दीं। बाद में नशा होने पर उसने पति के पेट में चाकू से वारकर उसकी हत्या कर दी। बाद में परिवार को बताया कि पति ने खुद ही पेट में चाकू मार लिए हैं। परिजन उसे लेकर अस्पताल भागे, लेकिन वहां उसे मृत घोषित कर दिया गया।
पति था वेल्डर, चचेरे देवर से हो गया प्यार...
वर्ष 2022 नवंबर में बरेली की रहने वाली फरजाना की शादी अपने से सात साल बड़े मोहम्मद शाहिद उर्फ इरफान से हुई थी। वह भी मूलरूप से बरेली का रहने वाला था। शाहिद परिवार के साथ आरजेडएच-ब्लॉक, निहाल विहार, दिल्ली में रहता था। शादी के बाद फरजाना दिल्ली आ गई। फरजाना को वेल्डर पति कभी अच्छा नहीं लगा।
उसका आरोप है कि पति उसे बिस्तर पर शारीरिक सुख भी नहीं दे पाता था। इस बीच बरेली में रहने वाले चचेरे देवर से उसकी दोस्ती हो गई। दोनों एक-दूसरे से बात भी करते हैं। हत्याकांड में चचेरे देवर का रोल है या नहीं इसकी पड़ताल की जा रही है। पुलिस फरजाना की कॉल हिस्ट्री निकाल रही है। इसके अलावा उसकी व्हाट्सएप चैट भी खंगाली जा रही है।