नरेला इलाके में शनिवार रात पारिवारिक झगड़े में दिल्ली महिला आयोग (डीसीडब्ल्यू) की महिला पंचायत की सदस्य सलमा ने पति जावेद (35) की बेल्ट से पीट-पीटकर हत्या कर दी। जावेद शराब पीने का आदी था और इसे लेकर दंपती में अक्सर झगड़ा होता था। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर सलमा को गिरफ्तार कर लिया। मौके से खून लगे कपड़े और बेल्ट बरामद की गई है।
पुलिस के अनुसार, रविवार सुबह 6 बजे सलमा के जावेद की हत्या करने की सूचना मिली। जावेद कमरे में पड़ा था और शरीर पर चोटों के निशान थे। अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सलमा और तीन बच्चों के साथ रहने वाला जावेद इलाके में एक दुकान में वेल्डिंग करता था। जावेद के भाई अजीम (25) ने भाभी सलमा पर हत्या का आरोप लगाया। उसने बताया कि जावेद शराब का आदी था। शराब पीकर घर आने के बाद उसकी सलमा से कहासुनी और मारपीट होती थी।
पुलिस ने सलमा को हिरासत में लेकर पूछताछ की तो उसने बताया कि शनिवार रात शराब पीने की बात को लेकर उसका जावेद से झगड़ा हुआ था। हाथापाई के दौरान वह अचेत होकर गिर गया। हालांकि, परिजनों का आरोप है कि सलमा ने जावेद की बेल्ट से पिटाई की है और उसके शरीर पर चोट के निशान हैं। पुलिस ने अजीम के बयान पर हत्या का मामला दर्ज कर सलमा को गिरफ्तार कर लिया।
जावेद को पुलिस से भी पिटवाया था
जावेद की मां शाबरा ने दिल्ली पुलिस और डीसीडब्ल्यू पर कई संगीन आरोप लगाए हैं। शाबरा ने बताया कि दो दिन पहले सलमा की शिकायत पर पुलिसकर्मियों ने जावेद को बुरी तरह पीटा था। शाबरा के मुताबिक, उसने बहू के खिलाफ कई बार थानेे में शिकायत की, लेकिन पुलिस ने उसे अनसुना कर दिया। उनकी शिकायत पर पुलिस ने कभी कोई कार्रवाई नहीं की।
शाबरा के मुताबिक, सलमा 8 साल से डीसीडब्ल्यू से जुड़ी हुई है। वे सलमा की शिकायत लेकर डीसीडब्ल्यू पहुंचे तो उन्हें वहां से भगा दिया गया। शाबरा ने बताया कि सलमा अक्सर जावेद को डीसीडब्ल्यू की धमकी देती थी और उसकी पुलिस ने पिटाई कराने की बात कहती थी। उसने आरोप लगाया कि जावेद शराब पीकर आता था तो सलमा उसे खाना नहीं देती थी और मारपीट करती थी। शाबरा ने कहा कि बहू उन्हें भी तंग करती थी। इसलिए वे अलग रहती थीं।