देवी लाल कॉलोनी में एक महिला ने अपनी सौतन के सिर पर सिलबट्टे से ताबड़तोड़ वार कर हत्या कर दी। शव को बोरे में भरकर कमरे में रख दिया। 24 घंटे से अधिक बीत जाने के बाद भी जब शव को ठिकाने नहीं लगा सकी तो पड़ोसी को सारा राज बता दिया। पड़ोसी ने ही पुलिस को सूचना दी। शव कब्जे में लेकर महिला को गिरफ्तार कर लिया गया है।
पुलिस के अनुसार, मूलरूप से बिहार निवासी सनोज पासवान पत्नी सीमा (25) और 3 बच्चों के साथ देवीलाल कॉलोनी में किराये के घर में रहता है। करीब चार साल पहले मूलरूप से पश्चिम बंगाल निवासी पूजा (30) के पति का निधन हो गया था। पूजा और सनोज एक-दूसरे को पहले से जानते थे।
पति की मौत के बाद वह सनोज के घर रहने के लिए आ गई। पूजा के दो बच्चे भी हैं, जिन्हें उसने अपने मायके में मां-बाप के पास छोड़ा हुआ है। बताया जा रहा है कि पति की मौत के बाद पूजा ने सनोज से शादी कर ली। सनोज दोनों पत्नियों के साथ यहां रह रहा था। करीब 10 दिन पहले वह अपने तीन बच्चों को लेकर बिहार चला गया था।