महिला ने पहले अपने पति से एक प्रेमी की हत्या करा दी। फिर दूसरे प्रेमी के साथ मिलकर महिला ने अपने पति की ही हत्या करा दी। पुलिस भी सच जानकर हैरान रह गई।
घटना गौतमबुद्धनगर जिले की है। सेक्टर-2 स्थित निर्माणाधीन इमारत में मजदूर की हत्या पत्नी और उसके प्रेमी ने योजना के तहत की थी। पत्नी ने शराब में नशे की गोली डाली थी।
जबकि प्रेमी पहले ही छत पर जाकर छिप गया था। पुलिस ने आरोपी पत्नी और उसके प्रेमी को गिरफ्तार कर हत्या में इस्तेमाल किया गया चाकू बरामद कर लिया है। पुलिस का कहना है कि महिला इससे पहले अपने पति से एक प्रेमी की भी हत्या करा चुकी है।
एसपी सिटी अरुण कुमार सिंह के अनुसार, 5 अगस्त को सेक्टर-2 के निर्माणाधीन भवन में महोबा निवासी मजदूर धर्मपाल की गला रेतकर हत्या कर दी थी। परिजनों ने हत्या के पीछे ठेकेदार राजीव समेत दो के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कराया था।
पुलिस ने ठेकेदार की मोबाइल लोकेशन की जांच की तो घटना के समय वह काफी दूर था, लेकिन मुजफ्फरनगर निवासी मजदूर उस्मान राणा की लोकेशन उसी निर्माणाधीन भवन में मिली थी। पुलिस ने संदेह के कारण उसे हिरासत में लिया और पूछताछ की।
आरोपी प्रेमी
- फोटो : अमर उजाला
आरोपी कई दिन तक बयान बदलता रहा। जब पुलिस ने सख्ती से पूछताछ की तो उसने हत्या करना कबूल कर लिया। आरोपी ने पुलिस को बताया कि उसका दोस्त धर्मपाल 10 दिन पहले ही पत्नी उमा को महोबा से लाया था।
पांच दिन एक साथ काम करने पर उमा से वह प्यार करने लगा। दोनों कई दिन तक रात में भी मिले। इसी दौरान दोनों ने धर्मपाल को रास्ते से हटाने का निर्णय लिया। योजना के अनुसार, उमा ने धर्मपाल को भवन की 5वीं मंजिल पर अकेले सोने को राजी कर लिया।
यहीं पर उस्मान पहले ही जाकर छिप गया था। रात में धर्मपाल ने शराब पी, उसमें उमा ने नशीली गोली डाल दी थी जिससे वह सो गया। इसके बाद उस्मान ने धर्मपाल का गला रेत दिया। उस्मान के जाने के बाद ही उमा ने पति की हत्या का शोर मचाया था।
पति और पत्नी जा चुके थे हत्या में जेल
एसपी सिटी का कहना है कि उमा का 2011 में महोबा स्थित ससुराल में एक युवक से प्रेम-प्रसंग हो गया था। दोनों को धर्मपाल ने आपत्तिजनक स्थिति में देखा था। तब पत्नी ने कहा था कि युवक ने उससे जोर जबरदस्ती की है।
इसके बाद धर्मपाल ने प्रमोद की गला रेतकर हत्या कर दी थी। इस मामले में धर्मपाल और उमा सहित 5 लोग जेल भेज दिए गए थे। धर्मपाल को फिर उमा पर संदेह हुआ तो वह उसेे नोएडा ले आया था। उनके दो बच्चे भी हैं जो महोबा में ही पढ़ते हैं।
जिस तरह धर्मपाल ने पत्नी के कहने पर उसके प्रेमी प्रमोद को मौत के घाट उतार दिया था। उसी तरह से पत्नी ने अपने दूसरे प्रेमी उस्मान के साथ पति को ही मौत के घाट उतार दिया।