साल 2017 में नोएडा में शादी के बाद 40 लाख के जेवर और नगद लेकर फरार आरोपी ने एक बार फिर वारदात को अंजाम दिया है। आरोपी वाराणसी में 5वीं वार शादी कर युवती को धोखा देते हुए लाखों रुपये हड़पकर भाग गया।
रिपोर्ट दर्ज होने के बाद वाराणसी पुलिस ने नोएडा पुलिस से आरोपी तरुण के मामले की जानकारी मांगी है। पुलिस के मुताबिक नोएडा और वाराणसी के अलावा मेरठ, इंदौर और चंडीगढ़ में युवक पर शादी कर पैसे व नगद लेकर फरार होने के मामले दर्ज हैं।
नोएडा पुलिस के मुताबिक सेक्टर-34 निवासी एक युवती बैंक में नौकरी करती है। जिसका वेतन करीब 80 हजार रुपये प्रतिमाह हैं। पिछले साल सितंबर में उसकी नोएडा निवासी तरुण से शादी हुई थी।
शादी से पहले तरुण ने अपनी जमीन-जायदाद कई शहरों में बताई थी और वहां ले जाकर युवती को दिखाया भी था। हालांकि बाद में पता चला कि वह सभी प्रॉपर्टी किराये पर थीं। इसी तरह का झांसा देकर युवती से शादी की और फिर जेवरात समेत करीब 40 लाख रुपये की धोखाधड़ी करके आरोपी फरार हो गया था।
आरोप है कि नोएडा से फरार होने के बाद आरोपी ने इंदौर में भी इसी तरह एक अन्य युवती से शादी की और वहां से भी लाखों रुपये लेकर फरार हो गया। आरोपी पर नोएडा के मामले की रिपोर्ट सेक्टर-24 में दर्ज की गई थी।
अभी तक नोएडा, मेरठ, इंदौर, चंडीगढ़ और अब वाराणसी में रिपोर्ट दर्ज हुई है। वाराणसी पुलिस ने नोएडा पुलिस से आरोपी के बारे में जानकारी मांगी है। जिससे उसकी गिरफ्तारी की जा सके।
वाराणसी में मामला दर्ज कराए जाने की जानकारी मिलने नोएडा की पीड़ित युवती ने एसएसपी से मिलकर आरोपी की गिरफ्तारी की मांग की है। पीड़िता का आरोप है कि उसने सितंबर 2017 में मामला दर्ज कराया था।
तो कई युवतियों का नहीं बर्बाद होता जीवन
मगर सेक्टर-24 पुलिस आरोपी को गिरफ्तार नहीं कर पाई है। जिससे आरोपी लुटेरा दूल्हा युवतियों के जीवन से खिलवाड़ कर रहा है और उनसे धोखाधड़ी करके जीवन भर की कमाई को भी हड़प कर ले जाता है।
अगर आरोपी गिरफ्तार हो जाता तो कई युवतियों का जीवन बर्बाद होने से बचाया जा सकता था। इस मामले की जानकारी होने पर एसएसपी ने सेक्टर-24 पुलिस को फटकार लगाते हुए आरोपी की गिरफ्तारी के निर्देश दिए हैं।