दक्षिण-पूर्व दिल्ली के बदरपुर इलाके में जेठ ने दो साथियों संग विधवा को मायके में जाकर चाकू घोंपकर हत्या कर दी। महिला की शिनाख्त भूमिका (17) के रूप में की गई है।
दरअसल, इसी साल भूमिका ने फरीदाबाद निवासी आयुष (20) से प्रेम विवाह किया था। लेकिन दो माह पूर्व आयुष ने फंदा लगाकर जान दे दी थी। आयुष के बड़े भाई अमित को लगता था कि उसके भाई ने भूमिका की वजह से आत्मघाती कदम उठाया है।
पुलिस ने सोमवार को पोस्टमार्टम के बाद भूमिका का शव परिवार को सौंप दिया है। हत्या का मामला दर्ज कर पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है। पुलिस के मुताबिक भूमिका अपने परिवार के साथ शिव मंदिर वाली गली, ताजपुर की पहाड़ी, बदरपुर में रहती थी।
परिवार में मां सीमा, पिता, नाना-नानी हैं। भूमिका का परिवार उसके नाना-नानी के घर ही रहता है। इसी साल की शुरूआत में भूमिका ने अपने घर वालों की मर्जी के खिलाफ फरीदाबाद निवासी आयुष से प्रेम विवाह कर लिया था।