शाहबाद डेयरी इलाके में बृहस्पतिवार सुबह एक महिला ने पति की लंबी आयु के लिए करवाचौथ का व्रत रखा, लेकिन दोपहर में उसने फांसी लगाकर जान दे दी। मृतका के पास से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। पुलिस पति से पूछताछ कर खुदकुशी के कारणों का पता लगा रही है।
पुलिस के अनुसार, मृतका की पहचान आरती (30) के रूप में हुई है। वह पति रोहित और सात साल के बेटे के साथ शाहबाद डेयरी इलाके की जैन कॉलोनी में रहती थी। रोहित निजी कंपनी में काम करता है। बृहस्पतिवार दोपहर को आरती के फांसी लगाए जाने की सूचना पुलिस को मिली।
मौके पर पहुंची पुलिस ने देखा कि कमरे में आरती चुन्नी का फंदा लगाकर पंखे से लटकी हुई है। पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया। पुलिस ने रोहित से पूछताछ की। रोहित का कहना था कि वह भी आरती के खुदकुशी करने से हैरान है।
उसने बताया कि आरती ने बुधवार रात मेहंदी लगवाई थी और बृहस्पतिवार सुबह करवाचौथ का व्रत भी रखा था, लेकिन दोपहर को जब घर पहुंचा तो आरती को फांसी से लटका पाया।
पुलिस का कहना है कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेजकर उसके परिजनों को सूचना दे दी है। परिवार वालों से पूछताछ के बाद ही खुदकुशी के सही कारणों का खुलासा हो पाएगा।