दिल्ली पुलिस की पीसीआर वैन में अस्पताल ले जाने के दौरान एक महिला ने बच्चे को जन्म दिया। वैन में तैनात पीसीआर कर्मियों ने महिला के परिवार की मदद से महिला का प्रसव करवाया। बच्चे के जन्म के तुरंत बाद महिला और उसके बच्चे को संजय गांधी अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां दोनों स्वस्थ हैं।
पीसीआर के पुलिस उपायुक्त दीपक पुरोहित ने बताया कि पीसीआर वैन में तैनात एएसआई दिनेश कुमार, हवलदार विजेंद्र व सिपाही प्रमोद शुक्रवार रात करीब साढ़े ग्यारह बजे इंदर एंक्लेव के पास मौजूद थे। इसी दौरान किसी ने चंचल नर्सिंग होम के पास एक महिला के प्रसव पीड़ा होने और उसे जल्द से जल्द अस्पताल पहुंचाने के लिए मदद मांगी। पीसीआर कर्मियों ने बिना समय गंवाए महिला व उसके परिवार को पीसीआर वैन में बैठाकर संजय गांधी अस्पताल के लिए रवाना हो गए।
लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही महिला को प्रसव पीड़ा होने लगी। पीसीआर कर्मियों ने वैन को रोक दिया और महिला के परिवार वालों को सभी सहायता प्रदान किया। महिला ने पीसीआर में ही बच्चे को जन्म दिया।