फरीदाबाद के बीके अस्पताल के टॉयलेट में शुक्रवार को डिलीवरी हो गई। मौके पर मौजूद परिजनों ने शोर मचाकर स्वास्थ्य कर्मचारियों को बुलाया।
जिसके बाद जच्चा-बच्चा को सुरक्षित रूप से निकाला गया। मामले की शिकायत प्रधान चिकित्सा अधिकारी (पीएमओ) को की गई। शिकायत पर कार्रवाई होने के डर से अस्पताल स्टाफ ने आनन-फानन में दोपहर बाद पीड़ित महिला को छुट्टी दे दी।
धौज के लदियापुर गांव निवासी फारूख ने बताया कि उसकी पत्नी सितारा को बृहस्पतिवार देर रात प्रसव पीड़ा होने लगी। वह उसे प्रसव के लिए बीके अस्पताल ले आया। यहां डॉक्टरों ने जांच कर बताया कि प्रसव सुबह तक होगा। शुक्रवार सुबह उसे तेज दर्द होने लगा।