घासेड़ा गांव स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का मामला
संवाद न्यूज एजेंसी
नूंह। घासेड़ा गांव स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में प्रसव के दौरान स्टाफ नर्स पर लापरवाही बरतने के आरोप लगे हैं। खोड़ बसई गांव की एक गर्भवती महिला बुधवार रात प्रसव के लिए पीएचसी पहुंची थी। परिजनों के अनुसार, वहां मौजूद स्टाफ नर्स शारदा ने महिला में खून की कमी बताते हुए उसे रेफर करने की बात कही।
आरोप है कि रेफर की प्रक्रिया के दौरान महिला को बाहर ले जाया गया। पीएचसी के गेट के पास अचानक महिला की हालत बिगड़ गई और कुछ ही मिनट में उसने बेटे को जन्म दे दिया। परिजनों का आरोप है कि प्रसव के बाद महिला को अंदर ले जाने पर स्टाफ ने कमरे की लाइट बंद कर दी। बाद में महिला को भर्ती कर उपचार की प्रक्रिया शुरू की गई और अगले दिन छुट्टी दे दी गई।
परिजनों ने मामले को लेकर नाराजगी जताई, हालांकि बाद में किसी लिखित शिकायत के अभाव में कार्रवाई नहीं हुई। स्टाफ नर्स शारदा ने आरोपों को निराधार बताते हुए कहा कि रेफर के कागजात तैयार किए जा रहे थे और परिजन स्वयं महिला को बाहर लेकर गए थे।
डिप्टी सिविल सर्जन डॉ. विशाल सिंगला ने बताया कि लिखित शिकायत नहीं मिली है। स्टाफ नर्स को बुलाया गया है। मामले की जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।