ग्रेटर नोएडा के सूरजपुर कोतवाली क्षेत्र स्थित कांशीराम आवासीय कालोनी में एक बुजुर्ग महिला की अपने फ्लैट में बीमारी से मौत हो गई। लेकिन मानसिक रूप से बीमार उसका बेटा शव के साथ ही लेटा रहा।
शनिवार को जब फ्लैट से बदबू आई तो पड़ोसियों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
कांशीराम आवासीय कालोनी में 482 नंबर के फ्लैट में दिल्ली निवासी संतोष देवी (72) अपने बेटे दीपक (45) के साथ रहती थी। दीपक मानसिक रूप से अस्वस्थ है।
पुलिस भी रह गई हैरान
पुलिस ने बताया कि शनिवार को सोसायटी के लोगों ने सूचना दी कि उक्त फ्लैट से बदबू आ रही है। मौके पर पहुंचकर फ्लैट का दरवाजा खुलवाने का प्रयास किया लेकिन दरवाजा नहीं खुला। तब खिड़की से झांककर देखा तो अंदर एक महिला मृत पड़ी थी और एक युवक उसके पास लेटा हुआ था।
पुलिस ने किसी तरह से दरवाजा खुलवाया और शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घर की जांच पड़ताल करने पर एक मोबाइल फोन मिला जिसमें एक नंबर डायलिंग में था।
पुलिस ने उसी नंबर पर कॉल की तो दूसरी ओर से महिला के दूसरे बेटे ने फोन रिसीव किया। पुलिस ने उसे मामले की जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि उनके दो बेटे नोएडा के सेक्टर-20 में रहते हैं।
कैसे हुई औरत की मौत
पड़ोसियों की मानें तो संतोष देवी सामान्य स्वभाव की महिला थी। वह अकसर अपने बेटे दीपक के साथ ही बाहर निकलती थी और लोगों से ज्यादा मिलना-जुलना पसंद नहीं करती थीं। करीब छह माह से वो बीमार चल रहीं थीं और बीमारी के कारण ही उनकी मौत हो गई।
उधर, एसपी डॉ. बृजेश कुमार सिंह ने बताया कि संतोष देवी की मृत्यु कब और कैसे हुई इसकी जानकारी पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो पाएगी। हालांकि शव को देखने से प्रतीत हो रहा था कि दो या तीन पहले ही बुजुर्ग महिला की मौत हुई होगी।