अस्पताल में भर्ती पति की हालत गंभीर, चालक ट्रक समेत भागा
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। नांगलोई इलाके में एक ट्रक ने सड़क पार कर रहे दंपती को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे को अंजाम देकर चालक ट्रक समेत भाग गया। घायल दंपति मान सिंह और उनकी पत्नी ज्ञान श्री को उनके बेटे नितिन ने संजय गांधी अस्पताल में लेकर गया। यहां डॉक्टरों ने महिला को मृत घोषित कर दिया जबकि घायल मान सिंह को राम मनोहर लोहिया अस्पताल में रेफर कर दिया गया। पीड़ित के बयान पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस भागे ट्रक चालक की तलाश कर रही है।
39 साल के मान सिंह परिवार के साथ राजधानी पार्क में रहते हैं। नांगलोई थाने में दर्ज प्राथमिकी में मान सिंह ने बताया कि 19 सितंबर की सुबह वह पत्नी ज्ञान श्री और बेटे नितिन के साथ ग्वालियर स्थित गांव से नांगलोई रेलवे स्टेशन पहुंचे। रोहतक रोड होते हुए तीनों पैदल अपने घर जा रहे थे। पिलर संख्या 453-454 के पास सड़क पार करने के दौरान टिकरी बार्डर की ओर से आ रहे ट्रक ने टक्कर मार दी। बेटे ने लोगों की मदद से घायल माता-पिता को पास के संजय गांधी अस्पताल में ले गया। पुलिस घटनास्थल के आस-पास लगे सीसीटीवी कैमरे की मदद से ट्रक चालक की पहचान करने में जुटी है।