फरीदाबाद के कौराली में स्वास्थ्य विभाग के परिवार नियोजन शिविर में ऑपरेशन के दौरान शुक्रवार दोपहर को एक महिला की मौत हो गई।
मंझावली निवासी मिथलेश की मौत के बाद विभाग में हड़कंप मच गया। मौत के कारणों को जानने के लिए शव बीके अस्पताल की मॉर्चरी में लाया गया। पोस्टमार्टम शनिवार को किया जाएगा।
मिथलेश के दो बेटे और एक बेटी है। वह और बच्चे नहीं चाहती थी। इस कारण शुक्रवार सुबह कौराली में परिवार नियोजन का ऑपरेशन कराने के लिए गई थी। सूत्रों के अनुसार, ऑपरेशन से पूर्व महिला की सारी जांच की गई थी।
यह भी पढ़ें: रेफर नहीं की जा सकेंगी HIV गर्भवती
किसी भी जांच में कोई समस्या नहीं आई थी, जिसके बाद दोपहर करीब दो बजे उसे ऑपरेशन थियेटर ले जाया गया। ऑपरेशन के दौरान उसकी मौत हो गई।
मौके पर मौजूद डॉक्टरों ने मामले की सूचना जिला परिवार कल्याण अधिकारी डॉ. आरएन स्वामी को दी। इसके अलावा शिविर तुरंत बंद कर दिया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए आनन-फानन में शव को पोस्टमार्टम के लिए बीके अस्पताल लाया गया।
यह भी पढ़ें: अब बीमार बच्चों का होगा मुफ्त इलाज
इस बारे में जिला परिवार कल्याण अधिकारी डॉ. आरएन स्वामी ने बताया कि मामले की सूचना उन्हें कौराली के मेडिकल अधिकारी ने दी। मामला गंभीर है, जिस पर सिविल सर्जन डॉ. रामेंद्र सिंह से भी निर्देश जारी होंगे।
मौत के सही कारणों को जानने के लिए शव का पोस्टमार्टम करवाया जाएगा। रिपोर्ट में अगर डॉक्टरी लापरवाही सामने आती है तो उस डॉक्टर के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। इसके अलावा पीड़ित परिवार को मुआवजा भी दिया जाएगा।