दिल्ली के गांधी नगर इलाके में बृहस्पतिवार सुबह बीएसईएस ठेकेदार की वजह से एक महिला तृषला जैन (52) की जान चली गई। पुलिस के मुताबिक घर के अंदर लगे मीटर को बाहर लगाने के दौरान अचानक घर की वायरिंग में आग लग गई। इसके बाद घर में भरे धुएं की वजह से तृषला का दम घुट गया। गंभीर हालत में उन्हें नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। खबर मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिवार की शिकायत पर पुलिस ने ठेकेदार के खिलाफ लापरवाही का मामला दर्ज कर लिया है।
पुलिस के मुताबिक तृषला परिवार के साथ गली नंबर-2, कैलाश नगर में रहती थी। परिवार में पति आदिश्वर जैन व बेटा सचिन जैन है। बृहस्पतिवार सुबह पिता-पुत्र घर पर मौजूद नहीं थे। इस दौरान खुद को बीएसईएस का ठेकेदार बताकर कुछ लोग घर के अंदर लगे मीटर को बाहर लगाने पहुंचे। तृषला ने बाद में आने के लिए कहा। लेकिन वे नहीं माने और मीटर लगाने लगे। इस दौरान अचानक घर के तारों में शॉर्ट सर्किट हुआ और घर के अंदर तारों में आग लग गई।
उस समय तृषला घर के अंदर थीं। अचानक लगी आग से घर में धुआं भर गया। इससे तृषला बेहोश हो गई। इधर, खबर मिलते ही सचिन व उसके पिता फौरन घर पहुंच गए। तृषला को अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। परिवार का आरोप है कि ठेकेदार ने बिना आज्ञा के सारा काम किया और हादसा हो गया। परिवार की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया।