नई दिल्ली के नजफगढ़ के जाफरपुर कला स्थित रावतुला राम अस्पताल में भर्ती तीन दिन के एक नवजात को डॉक्टर की पोशाक में आई एक महिला इलाज के नाम पर लेकर फरार हो गई।
नाराज परिजनों ने अस्पताल के सामने पुलिस और अस्पताल-प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अस्पताल-प्रशासन भी अपने स्तर से मामले की जांच में जुटा है।
जानकारी के मुताबिक रावतुला राम अस्पताल में जिला गुड़गांव, हरियाणा के गांव माकड़ौला निवासी अजय ने पत्नी गीता को अस्पताल में भर्ती कराया था। 23 दिसंबर को गीता ने एक बच्चे (बेटे) को जन्म दिया और 24 तारीख को बच्चे को वार्ड में शिफ्ट कर दिया।
शुक्रवार दोपहर करीब साढ़े 12 बजे एक महिला डॉक्टर की यूनिफॉर्म में स्टेथोस्कोप गर्दन में लगाए हुए वार्ड में आई और बच्चे की जांच करने के बहाने वहां से ले गई और फिर वापस नहीं लौटी। काफी देर बीत जाने के बाद जब वह महिला बच्चे को लेकर नहीं आई तब बच्चे की खोजबीन शुरू हुई।