नई दिल्ली के मुखर्जी नगर में रहने वाली एक युवती की गलत नंबर पर फोन लगने से एक युवक से दोस्ती हो गई। दोनों मिलने-जुलने लगे। युवक 18 वर्षीय युवती को घुमाने की बात कर कार से गाजियाबाद ले गया, वहां दिनभर घूमने के बाद युवक ने ज्योति नगर में सुनसान जगह कार रोककर युवती के साथ कार में ही दुष्कर्म किया।
युवती ने कार से उतरकर फौरन मामले की सूचना पुलिस को दे दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने युवती का मेडिकल कराकर आरोपी अंकित उर्फ मोनू को गिरफ्तार कर लिया। ज्योति नगर थाना पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है। वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी व पीड़िता एक दूसरे के जानकार हैं।
पुलिस के मुताबिक, मूलरूप से बागपत निवासी पीड़िता अपनी मौसी की लड़की के साथ मुखर्जी नगर में रहती है। वह छह माह पूर्व ही पढ़ाई के लिए दिल्ली आई है। कुछ दिन पहले पीड़िता किसी दोस्त को फोन कर रही थी, इस बीच गलती से उसका फोन कश्मीरी गेट में रहने वाले अंकित उर्फ मोनू को लग गया। दोनों की बातचीत होने लगी। इधर, दोस्ती होने पर दोनों दो-तीन बार मिले।
आरोप है कि 13 फरवरी को अंकित ने घूमने की बात कर युवती को कश्मीरी गेट बुलाया। वहां कार में बिठाकर पीड़िता को मोहन नगर, गाजियाबाद ले गया। वहां एक होटल में दोनों ने खाना खाया। रात के समय अंकित पीड़िता को उत्तर-पूर्वी दिल्ली के ज्योति नगर में जल बोर्ड के दफ्तर के पास सुनसान जगह पर ले आया।
यहां अंकित ने कार में ही पीड़िता के साथ दुष्कर्म किया। इधर कार से उतरते ही पीड़िता ने 100 नंबर पर कॉल कर पुलिस को सूचना दे दी। पुलिस मौके पर पहुंच गई और आरोपी अंकित को मौके पर ही दबोच लिया। बाद में पीड़िता का जीटीबी अस्पताल में मेडिकल कराया गया, जहां दुष्कर्म की पुष्टि होने पर आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म का मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया।