आने वाले दिनों में मोबाइल चिप को रिचार्ज कर मेट्रो में सफर किया जा सकेगा। नोएडा मेट्रो रेल कार्पोरेशन के कार्यकारी निदेशक जीपी सिंह का कहना है कि इस तकनीक का अध्ययन किया जा रहा है।
इसे अपनाने की संभावनाएं तलाशी जा रही हैं। नोएडा-ग्रेटर नोएडा रूट पर मेट्रो शुरू होने पर यात्रियों को यह सुविधा देने पर भी विचार किया जा रहा है।
यात्री मोबाइल में लगी चिप को महीने में एक बार रीचार्ज करा लेंगे। इसके बाद वे मेट्रो में सफर कर सकेंगे। हर जगह मशीन लगी होगी। यात्रा शुरू करने से पहले और यात्रा पूरी करने के बाद मशीन पर मोबाइल टच करना होगा, इसके बाद निर्धारित किराया कट जाएगा।
इस सुविधा के बाद यात्री को टोकन या स्मार्ट कार्ड लेने की जरूरत नहीं पड़ेगी। इस सिस्टम को नोएडा, दिल्ली व एनसीआर के अन्य शहरों में भी लागू किया जा सकता है। मेट्रो के अलावा डीटीसी और नोएडा-ग्रेटर नोएडा की सिटी बसों में भी मोबाइल चिप सुविधा शुरू की जा सकती है।