दिल्ली की सड़कों पर अब बिना परमिट के बसें दौड़ नहीं सकेंगी। वसंत विहार गैंगरेप के बाद दिल्ली ट्रैफिक पुलिस और परिवहन विभाग की ओर से उठाए गए कदमों की वजह से ऐसा होने जा रहा है।
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस घर-घर जाकर ऐसी बसों का पता कर रही है, जिनके परमिट रद्द हो चुके हैं। बिना परमिट बसें सड़कों पर दौड़ती पाई गईं तो वह 15 दिनों के लिए बंद की जाएंगी।
गौरतलब है कि वसंत विहार में पैरा-मेडिकल की छात्रा के साथ जिस चार्टेड बस में सामूहिक दुष्कर्म हुआ था, उसका परमिट नहीं था। यह बस बिना परमिट के सड़कों पर दौड़ रही थी। इस घटना के बाद दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने दिल्ली सरकार के परिवहन विभाग को बिना परमिट चलने वाली बसों का परमिट रद्द करने की सिफारिश की थी। परिवहन विभाग अब इस पर अमल कर रहा है।
ट्रैफिक पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि परिवहन विभाग ने करीब दो से ढाई हजार बसों का परमिट रद्द कर दिया है। इसके अलावा करीब 250 ग्रामीण सेवा हैं, जिनका फिटनेस सर्टिफिकेट खत्म हो चुका है। परिवहन विभाग ने परमिट रद्द हो चुकी बसों और ग्रामीण सेवा की सूची दिल्ली ट्रैफिक पुलिस को सौंपी है।
बताया कि ट्रैफिक पुलिस ने अपने हर सर्किल में परमिट रद्द हुई बसों की सूची दे दी है। ट्रैफिक पुलिस इन बसों के रजिस्ट्रेशन पते पर जाएगी और यह पता करेगी कि ये बसें कहां हैं, किस कंडीशन में है और कहीं सड़कों पर तो नहीं दौड़ रही हैं। अगर दौड़ रही हैं तो उनकी धरपकड़ की जाएगी। जिन बसों के रजिस्ट्रेशन पते सही नहीं निकले उनका भी चालान किया जाएगा।