भाई ही नहीं बहनें भी रक्षाबंधन पर दिल खोलकर खर्च कर रही हैं। इसका नमूना साइबर सिटी के सर्राफा बाजार में दिखाई दे रहा है। बहनें भाईयों की कलाई पर सोने और चांदी की राखियां बांधने की तैयारी कर रही हैं।
इन दिनों सर्राफा बाजार में इन राखियों के भरपूर ऑर्डर मिल रहे हैं। यह राखियां ब्रेसलेट, कड़ा या घड़ी के आकार वाली हैं। किसी पर देवी-देवता की अकृति बनी है तो किसी पर भाई-बहन का चित्र उकेरा गया है।
भाई-बहन के पवित्र प्यार का पर्व रक्षाबंधन शनिवार को है। बाजारों में भाई अपनी बहनों के लिए उपहारों की खरीददारी कर रहे हैं तो वहीं बहनें भी भाई की कलाई पर अनोखी राखी बांधने की तैयारी में दिख रही हैं।
शहर के सर्राफा बाजार में सोने और चांदी की राखियों की बिक्री और बुकिंग जोर पकड़ रही है। सदर बाजार स्थित जिंदल ज्वैलर्स के संचालक अमित जिंदल बताते हैं कि सोने और चांदी की राखी खरीदने का क्रेज उन बहनों में है जो कामकाजी हैं।