बदरपुर इलाके में एक 17 वर्षीय किशोर व उसकी लड़की दोस्त द्वारा दिल दहला देने वाली घटना को अंजाम देने का मामला सामने आया है। किशोर को टीवी कार्यक्रम डांस इंडिया डांस (डीआईडी) में जाने के लिए 60 हजार रुपये की जरूरत थी।
उसने लड़की दोस्त के साथ 13 वर्षीय बालक का अपहरण किया और उत्तराखंड में ले जाकर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद पीड़ित पिता से 60 हजार रुपये की फिरौती मांगी। बदरपुर पुलिस ने आरोपी किशोर व उसकी लड़की दोस्त को गिरफ्तार कर बालक का शव उत्तराखंड से बरामद कर लिया है।
दक्षिण-पूर्व जिला डीसीपी मंदीप सिंह रंधावा के अनुसार मेन मथुरा रोड बदरपुर निवासी राजेश गुप्ता ने 16 सितंबर को बदरपुर थानाध्यक्ष ऐशवीर सिंह को शिकायत दी थी कि उसका बेटा स्वप्नेश गुप्ता (13) 15 सितंबर को सुबह साढ़े सात बजे स्कूल गया था मगर वह घर नहीं लौटा।
फिरौती की कॉल लड़की कर रही थी
अपहरण का मामला दर्जकर एसआई राजीव की टीम ने तफ्तीश शुरू की। राजेश गुप्ता ने 20 सितंबर की सुबह पुलिस को बताया कि उसके पास फिरौती की कॉल आई है और 60 हजार रुपये मांगे गए हैं।
जांच में पुलिस को पता लगा कि जिस नंबर से कॉल की गई है उसका सिम फर्जी पते पर लिया गया था। फिरौती की कॉल सेक्टर-37 फरीदाबाद से की गई थी।
फिरौती की कॉल लड़की कर रही थी और वह बार-बार अपनी लोकेशन बदल रही थी। पुलिस को जांच में ये भी पता लगा कि आरोपियों का फरीदाबाद की एक डांस एकेडमी से संबंध है।
पूछताछ में किशोर और लड़की ने कुबूला अपना जुर्म
पुलिस को जांच में यह भी पता लगा कि जिस नंबर से फिरौती मांगी गई है वह 15 सितंबर से लेकर 18 सितंबर तक आनंद विहार, काशीपुर रामनगर उत्तराखंड में था।
पुलिस ने तफ्तीश के बाद एक 17 वर्षीय किशोर सतीश (बदला हुआ नाम) व उसकी लड़की दोस्त को फरीदाबाद, हरियाणा से पकड़ लिया। पूछताछ में दोनों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया।
आरोपी सतीश बदरपुर व फरीदाबाद स्थित डांस एकेडमी में जाता था। उसका एक बार डीआईडी में सलेक्शन हो गया था। वहां उससे 60 हजार रुपये मांगे गए थे।
स्कूल बेल्ट से गला दबाकर हत्या की और पहाड़ी से फेंक दिया
पैसे के लिए उसने स्वप्नेश गुप्ता का अपहरण करने की साजिश रची। स्वप्नेश गुप्ता उसी डांस एकेडमी में आता था जिसमें आरोपी सतीश आता था।
साजिश केतहत सतीश ने स्कूल से लौटते वक्त स्वप्नेश का अपहरण कर लिया और डांस शो में भाग लेने की बात कहकर उसे काशीपुर उत्तराखंड ले लिया। फिरौती मांगने से पहले सतीश ने स्वप्नेश की हत्या करने की साजिश रची।
वह उसे उत्तराखंड में रहने वाले वाले एक दोस्त के पास ले गया। यहां पर स्वप्नेश ने अपनी स्कूल यूनिफार्म चेंज की। इसके बाद वह स्वप्नेश को रानीखेत रोड स्थित एक पहाड़ी पर ले गया। यहां पर स्कूल बेल्ट से गला दबाकर उसकी हत्या कर दी और फिर पहाड़ी से शव को नीचे फेंक दिया था।