दिल्ली-गुड़गांव एक्सप्रेस वे के होंडा चौक पर बनने वाले फ्लाई ओवर के निर्माण में आने वाले अतिक्रमण जल्द हटेंगे। इसे हटाने को लेकर हुडा प्रशासक ने बृहस्पतिवार को उपायुक्त व संयुक्त पुलिस आयुक्त के साथ एक व्यापक खाका तैयार किया है। होंडा चौक के चारों ओर अतिक्रमण करके बैठने वालों के दिन पूरे हो गए हैं। हुडा के संपदा विभाग की ओर से इन अतिक्रमणकारियों को पहले ही अपना सामान समेटने की चेतावनी दी जा चुकी है।
हुडा की ओर से एनएचआईए को पहले चरण में कु छ जमीन का कब्जा दिया जा चुका है। उसके साथ ही फ्लाईओवर की ड्राइंग में आने वाले अतिक्रमण को विस्थापित किया जा रहा है। साथ ही कुछ लोगों ने खांडसा गांव की दिशा से दुकानें बना रखी हैं। बीच में एक शराब का अहाता भी है।
इन दुकान संचालकों की ओर से अपना मालिकाना हक जताया जाता है, जबकि कागज पर यह जमीन हुडा की है। इस अतिक्रमण को हटाने के लिए बृहस्पतिवार को दोनों संपदा अधिकारी, सर्वे अधिकारी , उपायुक्त शेखर विद्यार्थी, संयुक्त पुलिस आयुक्त विवेक शर्मा, हुडा प्रशासक अशोक सांगवान की एक बैठक हुई। बैठक में अतिक्रमण हटाने को हरी झंडी मिल गई है।
उपायुक्त ने तोड़फोड़ के दौरान एसडीएम गुड़गांव मौजूद रहने को कहा है। संयुक्त पुलिस आयुक्त की ओर से इस बात का भरोसा दिलाया गया है कि जरूरत के हिसाब से पुलिसबल उपलब्ध रहेगा। हुडा प्रशासक ए के सांगवान ने बताया कि अतिक्रिमण हटाने को लेकर सभी तैयारी पूरी हो चुकी है। तीन दिन के भीतर जगह खाली करके एनएचआईए को सौंप दिया जाएगा।