हड़ताल पर गए डॉक्टरों के साथ हुई लंबी बैठ्क में दिल्ली सरकार ने कहा है कि वह 15 अगस्त तक दिल्ली के सभी अस्पतालों में 100 फीसदी दवाएं उपलब्ध करा देंगे। डॉक्टरों की मांग पर सरकार ने बंद पड़े ऑपरेशन थियेटर्स को दो माह में सर्वे कराकर चालू कराने की बात भी मान ली है।
हड़ताली रेजिडेंट डॉक्टर्स के साथ दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री सत्येन्द्र जैन और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के साथ दिल्ली सचिवालय में लंबी बैठक के बाद सरकार ने लिखित आश्वासन दिया है। बैठक के बाद सरकार ने रेजिडेंट डॉक्टर्स की सभी 19 मांगे मानने का निर्णय लिया है।
वहीं एमसीडी और केन्द्र सरकार के अस्पतालों में कार्यरत डॉक्टरों की मांग पूरी करने के लिए भी अभी फैसला होना है लिहाजा रेजीडेंट डॉक्टर्स ने हड़ताल को जारी रखने का निर्णय लिया है। फेडरेशन ऑफ रेजिडेंट डॉक्टर्स एसोसिएशन (फोरडा) के महासचिव डॉ.रविन्द्र चौहान ने बताया कि करीब दो घंटे की बैठक स्वास्थ्य मंत्री और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के साथ हुई। मांगे मानने का निर्णय लिया गया है, हम लिखित में कॉपी देर रात मिल गई है। साथियों के साथ देर रात बैठक करके आगे का फैसला लिया जाएगा।