बाजार में शौहर के साथ दूसरी महिला को देखकर विरोध करना एक पत्नी को भारी पड़ गया। आरोपी शौहर ने महिला को बीच बाजार पीटा और तीन तलाक दे दिया। आरोप है कि घर आकर पति व ससुराल वालों ने महिला के गले पर पैर रखकर दबाया और मारने की कोशिश की।
ससुराल वाले महिला का अतिरिक्त दहेज की मांग को लेकर उत्पीड़न कर रहे थे। मामले में पीड़िता के परिजन ने आरोपी पति समेत पांच ससुराल वालों पर केस दर्ज कराया है। पुलिस ने पति को हिरासत में ले लिया है।
मोदी नगर के गांव कलछीना निवासी महिला का निकाह पांच साल पहले जलपुरा हल्द्वौना निवासी उस्मान के साथ हुआ था। दंपति को एक पुत्र और पुत्री भी है। आरोप है कि महिला का पति व उसके ससुराल वाले अतिरिक्त दहेज की मांग कर रहे थे। महिला से कई बार मारपीट की गई।
इसको लेकर गांव में पंचायत भी हो चुकी है और कार्रवाई नहीं करने पर माफी भी मांगी गई। महिला के पिता का आरोप है कि उनके दामाद के किसी दूसरी महिला से संबंध हैं। 23 अगस्त को आरोपी ने पत्नी को बाजार में खरीदारी के लिए बुलाया था।
जब महिला वहां पहुंची तो पति के साथ दूसरी महिला को देखकर विरोध किया। इस पर उसे बीच बाजार पिटाई कर दी गई और घर आकर हमला किया गया। सूचना पर पहुंचे परिजन ने महिला केा ससुराल वालों से बचाया। मामले में पुलिस ने आरोपी पति को हिरासत में ले लिया है।
मामले में पति समेत पांच ससुराल वालों पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। आरोपी पति उस्मान को हिरासत में ले लिया गया है। अन्य आरोपियों पर भी कार्रवाई की जाएगी। - अनिता चौहान, ईकोटेक-3 थाना प्रभारी