शनिवार देर रात खेरा मोड़ नजफगढ़ निवासी रोहित ने पुलिस को सूचना दी कि उसके पड़ोसी अब्बास अली ने अपनी पत्नी सूफिया और बेटी रश्मिना खातून पर चाकू से हमला कर दिया है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस को मौके पर रोहित और अब्बास अली की 13 साल की बेटी अंजू आरा मिली। पुलिस ने तुरंत घायल मां-बेटी को राव तुलाराम अस्पताल में लेकर गई। जहां डॉक्टरों ने रश्मिना खातून को मृत घोषित कर दिया। वहीं उसकी मां की तबीयत बिगड़ने पर उसे सफदरजंग अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया। जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। जांच में पता चला कि दोनों के सिर पर चाकू से हमला किया गया।
आरोपी की छोटी बेटी ने पुलिस को बताया कि उसके पिता कबाड़ी का काम करते हैं। शनिवार देर रात उसके पिता मां से पैसे मांग रहे थे। मां के पैसे देने से इंकार करने पर उन्होंने चाकू से मां के सिर पर हमला कर दिया। यह देख उसकी बड़ी बहन रश्मिना ने बीच बचाव की कोशिश की। पिता ने उसके भी सिर पर भी चाकू से हमला कर दिया। इससे वह बेहोश हो गई। उसने भागकर अपने पड़ोसी रोहित को घटना की जानकारी दी। पुलिस अधिकारी ने बताया कि घटना के बाद से आरोपी अब्बास अली फरार है। पुलिस की कई टीम गठित कर उत्तर प्रदेश, हरियाणा और राजस्थान में आरोपी के ठिकानों पर दबिश दी जा रही हैं।