अमर उजाला ब्यूरो नई दिल्ली। आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने रूस से तेल और गैस खरीदने के मुद्दे पर केंद्र सरकार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की नीति पर सवाल खड़ा किया है। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार अमेरिकी दबाव में काम कर रही है और देशहित के बजाय ट्रम्प की बात मान रही है। केजरीवाल ने कहा कि एक तरफ प्रधानमंत्री देशवासियों से पेट्रोल, डीजल और गैस बचाने की अपील कर रहे हैं, जबकि दूसरी तरफ रूस भारत को तेल और गैस देने के लिए तैयार है तो सरकार उसे लेने से मना कर रही है।
अरविंद केजरीवाल ने दावा किया कि पिछले दो-तीन दिनों में रूस से गैस लेकर भारत के लिए एक जहाज रवाना हुआ था, लेकिन भारत सरकार ने उसे रोक दिया और रूस से कह दिया कि हमें गैस नहीं चाहिए। दूसरी ओर प्रधानमंत्री लोगों से कह रहे कि स्कूटर, मोटरसाइकिल और कार का कम इस्तेमाल करें, वर्क फ्रॉम होम अपनाएं और तेल बचाएं। केजरीवाल ने सवाल उठाया कि जब देश को तेल और गैस की जरूरत है तो रूस से खरीदने से इनकार क्यों किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ट्रम्प के सामने क्यों झुके हुए हैं। देश के 140 करोड़ लोगों का हित ज्यादा जरूरी है या ट्रम्प, इसका जवाब प्रधानमंत्री को देना चाहिए। केजरीवाल ने कहा कि पूरी दुनिया में कोई भी देश ट्रम्प की हर बात नहीं मान रहा, लेकिन भारत सरकार रूस से तेल और गैस नहीं खरीद रही है।