दिल्ली चिड़ियाघर में बृहस्पतिवार को आने वाले दर्शक भी विजय को ही ढूंढ़ रहे थे। जू प्रशासन के मुताबिक सोमवार से विजय को खुले बाड़े में छोड़ा जा सकता है।
बृहस्पतिवार को बाघिन कल्पना बाहर निकली थी। उसे देखकर कई लोग समझ रहे थे कि वह वही बाघ है जिसने युवक को मार डाला था। वहां खड़े गार्ड सभी को जानकारी दे रहे थे कि विजय को पिंजरे से नहीं निकाला गया है।
मकसूद कहां से कूदा था और कहां गिरा था, दर्शकों में यह जानने की काफी उत्सुकता थी। भीड़ को देखते हुए बृहस्पतिवार को दो से ज्यादा गार्डों की तैनाती की गई थी।
चिड़ियाघर के क्यूरेटर रियाज अहमद खान ने बताया कि बाड़े नंबर आठ जहां सफेद बाघ है, वहां सबसे ज्यादा भीड़ है। इसलिए गार्डों की संख्या बढ़ा दी गई है।