नंद नगरी इलाके में 13 साल की किशोरी को अगवा कर गैंगरेप का मामला सामने आया है। पड़ोस के रहने वाला एक युवक किशोरी को अगवा कर गाजियाबाद ले गया, जहां तीन लड़कों ने लड़की के साथ दुष्कर्म किया।
इसके बाद पीड़िता को बंधक बनाकर बरेली ले जाया गया, यहां भी पीड़िता के साथ गैंगरेप किया गया। परिवार की शिकायत पर पुलिस ने बृहस्पतिवार लड़की को बरेली से बरामद कर एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
वहीं परिवार का आरोप है कि पुलिस ने गैंगरेप की धाराओं में मामला न दर्ज कर केवल अपहरण का मुकदमा दर्ज किया है। वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के दखल के बाद शनिवार शाम को किशोरी का मेडिकल कराया गया। पुलिस अधिकारी पूरे मामले की जांच कराने की बात कर रहे हैं।
पड़ोस के ही युवक ने बनाया शिकार
जानकारी के अनुसार नाजमा (13)(बदला हुआ नाम) अपने परिवार के साथ नंद नगरी इलाके में रहती है। इसके माता-पिता की मौत हो चुकी है। इसके परिवार में तीन छोटे भाई व एक बड़ी बहन है।
नाजमा अपने ताऊ व ताई के साथ रहती है। परिवार के मुताबिक एक हादसे में नाजमा के छोटे भाई की एक टांग खराब हो गई थी। आरोप है कि दो जनवरी को नाजमा के पड़ोस में रहने वाला राजू (25) उसे भाई की नकली टांग लगवाने की बात कर बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया।
इधर, परिवार ने रात को मामले की शिकायत नंद नगरी थाने में की। परिवार ने राजू पर शक भी जताया। परिवार के मुताबिक उनकी शिकायत पर पर चार जनवरी को अपहरण का मामला दर्ज किया गया। परिवार के काफी दबाव देने के बाद पुलिस ने बृहस्पतिवार को नाजमा को बरेली के पास कादिलगंज से बरामद कर लिया।
बहला-फुसला कर ले गया था गाजियाबाद
परिवार को नाजमा ने बताया कि राजू उसे बहला-फुसला पहले गाजियाबाद में कहीं ले गया था। रात में उसके साथ राजू समेत तीन लड़कों ने गैंगरेप किया। बाद में अगले दिन उसे बरेली ले जाया गया।
वहां भी आरोपियों उसके साथ लगातार दुष्कर्म किया। पुलिस ने राजू को गिरफ्तार कर लिया है। परिवार का आरोप है कि पुलिस ने बरामद करने के बाद पीड़िता का मेडिकल तक नहीं करवाया था।
शनिवार को वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के दखल पर नाजमा का मेडिकल करवाया गया। वरिष्ठ पुलिस अधिकारी पूरे मामले की जांच कराने की बात कर रहे हैं।