मीरा रोड, मुंबई में की गई झपटमारी का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया तो आरोपी मुंबई से भागकर दिल्ली आ गए। दिल्ली में यह सफारी कार व ऑटो में लिफ्ट देने व सस्ते किराए का लालच झांसा देकर सवारी से लूटपाट करते थे।
दक्षिण पश्चिम जिले के वाहन चोरी निरोधक दस्ते (एएटीएस) ने इस गिरोह के तीन सदस्यों को गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे से दो कट्टे, चार कारतूस, टाटा सफारी, सवारियों से लूटे चार बैग और चोरी के दो दुपहिया बरामद हुए हैं। आरोपियों के खिलाफ मुंबई में छह आपराधिक मामले दर्ज हैं।
दक्षिण-पश्चिम जिला डीसीपी देवेंद्र आर्या के अनुसार हाईवे पर लूटपाट करने वाले बदमाशों को पकड़ने के लिए जिले के एएटीएस प्रभारी राजेश मलिक की देखरेख में एसआई महेश कुमार, एएसआई कंवर सिंह व एएसआई देवेन्द्र की टीम बनाई गई।
इस टीम ने सागरपुर में घेराबंदी कर तीन आरोपियों को दबोच लिया। आरोपियों की पहचान गांव बैर्माबाद गढ़ी, थाना नाहतोर जिला बिजनौर निवासी आमिर सोहैल (24), मुंबई निवासी रियाज आलम (35) और गांव मिलक जमालपुर शेख थाना नाहतोर तहसील धामपुर, बिजनौर यूपी निवासी दिनेश (29) के रूप में हुई। इन आरोपियों ने पूछताछ में मुंबई में वारदात करना स्वीकार किया है।
यह आरोपी लूटपाट, झपटमारी व चोरी की वारदात करते थे। यह किराए के ऑटो या टाटा सफारी में धौला कुंआ, बस अड्ड़े व रेलवे स्टेशन से सवारी को बैठा लेते थे। फिर सवारी को हाईवे पर सुनसान जगह पर ले जाकर लूट लेते थे।
घर की खराब माली हालत के कारण आमिर सोहैल ने पढ़ाई छोड़ दी और मुंबई जाकर रिक्शा चलाने लगा। मुंबई में यह शातिर बदमाश रियाज, सतीश व परवेज के संपर्क में आया। आमिर सोहैल ने वारदात के लिए दो कट्टे खरीदे थे। सोहैल के खिलाफ तीन आपराधिक मामले दर्ज हैं। रियाज आलम की मीरा रोड, मुंबई में महिला से झपटमारी की वीडियो वायरल हो गई थी।
मुंबई पुलिस का दबाव बढ़ने पर यह आरोपी दिल्ली आ गए। दिनेश को वर्ष 2014 में हत्या के प्रयास के मामले में नगिना, यूपी पुलिस ने गिरफ्तार किया था।