आरोपी नामी गैंगस्टर नीरज बवाना से काफी प्रभावित हैं। यूट्यूब पर आरोपी उसके वीडियो देखकर उसके जैसा बनने का प्रयास करते हैं। आरोपी यह भी दावा कर रहे थे कि वह नीरज बवाना गिरोह से जुड़े हुए हैं। इनकी गिरफ्तारी से पुलिस ने चार मामले सुलझाने का दावा किया है। बुराड़ी निवासी आरोपी देव वर्मा जीएसटी अकाउंटेंट है।
वहीं हर्ष राजपूत भी एक निजी कंपनी में नौकरी करता है। पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ कर पता लगाने का प्रयास कर रही है कि इन लोगों ने कितनी वारदात को अंजाम दिया। दोनों पिछले नौ माह से एक्टिव थे। शाहदरा जिला पुलिस उपायुक्त रोहित मीणा ने बताया कि 21 जून को फर्श बाजार इलाके में स्कूटी सवार हथियारबंद बदमाशों ने एक दंपती को लूटपाट के लिए रोका।
तलाशी लेने पर जब दंपती के पास कुछ नहीं मिला तो आरोपियों ने महिला को 100 रुपये दिए और वहां से चलते बने। जांच में पता चला कि इन बदमाशों ने वेलकम में भी एक लूट की थी। काफी पड़ताल के बाद आरोपियों की पहचान हुई। इसके बाद पुलिस ने हर्ष राजपूत को जगतपुरी और देव वर्मा को बुराड़ी से दबोच लिया गया।